महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 में मिलेगी रिकॉर्ड पुरस्कार राशि, ICC ने की घोषणा
क्या है खबर?
महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होनी है और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस टूर्नामेंट के लिए रिकॉर्ड पुरस्कार राशि की घोषणा की है। इस बार टूर्नामेंट के लिए ICC ने कुल प्राइज मनी 87.64 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 82 करोड़ रुपये) रखी है। यह 2024 में खेले गए पिछले संस्करण की तुलना में 10 प्रतिशत ज्यादा है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
राशि
फाइनल जीतने वाली टीम को कितनी धनराशि मिलेगी?
ICC के अनुसार, महिला टी-20 विश्व कप 2026 में विजेता टीम को 23.40 लाख डॉलर (लगभग 21.92 करोड़ रुपये) मिलेंगे। इसी तरह उपविजेता टीम को 11.70 लाख डॉलर (लगभग 10.96 करोड़ रुपये) दिए जाएंगे। सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीमों को 6.75 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 6.32 करोड़ रुपये) प्रत्येक मिलेंगे। ग्रुप स्टेज में हर जीत पर 31 हजार डॉलर (लगभग 2.90 लाख रुपये) मिलेंगे।
बयान
इस बार 12 टीमें लेंगी हिस्सा
टी-20 विश्व कप 2026 में इस बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी। ICC के CEO, संजोग गुप्ता ने महिला क्रिकेट के लगातार बढ़ते विकास पर अपनी खुशी जाहिर की। CEO ने कहा, "महिला क्रिकेट का विकास लगातार तेज हो रहा है, और ICC महिला टी-20 विश्व कप का 12 टीमों तक विस्तार, साथ ही रिकॉर्ड प्राइज पूल, एक मजबूत और ज़्यादा प्रतिस्पर्धी वैश्विक खेल बनाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है।"