Page Loader
RCB बनाम MI: एलिस पेरी ने बनाए 81 रन, अमनजोत कौर ने लिए 3 विकेट
एलिस पेरी ने बनाए 81 रन (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

RCB बनाम MI: एलिस पेरी ने बनाए 81 रन, अमनजोत कौर ने लिए 3 विकेट

Feb 21, 2025
09:25 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 7वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की एलिस पेरी ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतक लगाया। उनकी पारी की मदद से RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 167/7 का स्कोर बनाया है। यह WPL इतिहास में उनका छठा अर्धशतक रहा और वह WPL में 700 रन का आंकड़ा छूने वाली सिर्फ दूसरी बल्लेबाज बनी हैं। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही एलिस पेरी की पारी 

RCB ने जब 29 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब पेरी क्रीज पर आई। उन्होंने पारी के 5वें ओवर के दौरान नैट साइवर-ब्रंट की गेंद पर लांग ऑन पर छक्का लगाकर अच्छी लय के संकेत दिए। इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने एक छोर से रन बनाना जारी रखा और सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 43 गेंदों में 81 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

रिकॉर्ड 

WPL में दूसरी सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाली खिलाड़ी बनीं पेरी

34 वर्षीय पेरी अब WPL में दूसरी सर्वाधिक 50 से अधिक रनों का स्कोर (अर्धशतक और शतक को मिलाकर) बनाने वाली खिलाड़ी बनीं हैं। उनसे आगे इस सूची में सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स (DC) की मेग लैनिंग (7) हैं। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही पेरी ने MI की हरमनप्रीत कौर (5), नैट साइवर-ब्रंट (5) और DC की शफाली वर्मा (5) को पीछे छोड़ा है।

रिकॉर्ड्स 

पेरी ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स 

पेरी अब MI के खिलाफ सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाली बल्लेबाज बनी हैं। पेरी अब RCB के लिए दूसरी सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी वाली खिलाड़ी भी बनीं हैं। उनसे आगे सिर्फ सोफी डिवाइन (99 रन बनाम GG, 2023) हैं। इस मैच में पेरी ने रिचा घोष के साथ मिलकर 5वें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। यह MI के विरुद्ध RCB की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है।

MI 

MI से अमनजोत कौर ने लिए 3 विकेट

MI से अमनजोत कौर सबसे सफल गेंदबाज रही। उन्होंने 3 ओवर में 7.30 की इकॉनमी रेट से 22 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। दाएं हाथ की मध्यम गति की तेज गेंदबाज ने रिचा घोष (28) के रूप में पहला विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने जॉर्जिया वेयरहैम (6) और पेरी (81) को पवेलियन की राह दिखाई। यह WPL में 24 वर्षीय गेंदबाज अमनजोत का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।