Loading...
रवि शास्त्री ने भारतीय टीम की कोचिंग को बताया कमेंट्री से मुश्किल, दिया चौंकाने वाला बयान
रवि शास्त्री भारतीय टीम के सफल कोच रहे हैं (फाइल तस्वीर)

रवि शास्त्री ने भारतीय टीम की कोचिंग को बताया कमेंट्री से मुश्किल, दिया चौंकाने वाला बयान

Nov 10, 2026
10:25 am

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री का मानना है कि क्रिकेट खेलने और कमेंट्री करने के मुकाबले कोचिंग का काम कहीं ज्यादा मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मुख्य कोच की जिम्मेदारी के साथ बहुत दबाव जुड़ा होता है। खिलाड़ियों के मैदान पर उतरने के बाद कोच का उनके प्रदर्शन और मैच के नतीजे पर ज्यादा नियंत्रण नहीं रहता। स्काई स्पोर्ट्स के इयान स्मिथ के साथ बातचीत में शास्त्री ने तीनों भूमिकाओं की चुनौतियों पर अपनी राय रखी।

मुश्किल

शास्त्री ने क्या कहा?

शास्त्री ने कहा, "कोचिंग सबसे मुश्किल काम है। इसकी वजह यह है कि खिलाड़ियों के मैदान पर उतरने के बाद आपके नियंत्रण में कुछ नहीं रहता। जब आप खेलते हैं तो आपके हाथ में बल्ला और गेंद होती है, जबकि कमेंट्री के दौरान आपके पास माइक होता है, लेकिन खिलाड़ी मैदान पर चले जाएं तो आप सिर्फ इंतजार कर सकते हैं। इस जिम्मेदारी के साथ देश की उम्मीदों का भारी दबाव भी रहता है।"

बंदूक

आपके सिर पर हमेशा बंदूक तनी रहती है- शास्त्री

शास्त्री ने आगे कहा, "कोविड हो या न हो आपको लगातार मैच जीतने होते हैं। इससे बचने का कोई रास्ता ही नहीं है। आपके सिर पर हमेशा बंदूक तनी रहती है, लेकिन अगर आप इस चुनौती को पार कर सफल होते हैं तो इसका इनाम भी उतना ही बड़ा और संतोषजनक होता है। इससे आपको बहुत सम्मान मिलता है। आप अपने काम का आनंद ले पाते हैं और इससे मिलने वाली संतुष्टि किसी दूसरे काम से नहीं मिल सकती।"

ADVERTISEMENT

कमेंट्री

अपने कमेंट्री करियर पर क्या बोले शास्त्री? 

शास्त्री ने कमेंट्री की दुनिया में अपने सफर को लेकर कहा कि जिंदगी इंसान को कई अलग-अलग रास्तों पर ले जाती है। क्रिकेट ने उन्हें हमेशा अपने से जोड़े रखा।

उन्होंने माना कि भारत में अपने कद और पहचान के दम पर उनके पास दूसरे क्षेत्रों में जाने के कई अवसर थे, लेकिन उन्होंने क्रिकेट से जुड़े रहना पसंद किया।

शास्त्री के मुताबिक, खेल के प्रति जुनून और लगाव ही उन्हें लगातार इससे जोड़े रखने की सबसे बड़ी वजह है।

ADVERTISEMENT

खेल

खेल के प्रति जुनून और प्यार के कारण उत्साह के साथ काम करते हैं शास्त्री

शास्त्री ने कहा कि अगर किसी को खेल के प्रति जुनून और प्यार नहीं है तो वह इतने लंबे समय तक हर मैच में इसी उत्साह के साथ काम नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि अपने करियर में कई बड़े फाइनल मुकाबलों की कमेंट्री करना उनके लिए सौभाग्य की बात रही है।

शास्त्री के मुताबिक, खेल की अच्छी समझ और टेलीविजन की कार्यशैली को जानने वाले लोगों के साथ लंबे समय तक काम करना शानदार अनुभव और मजेदार रहा है।

ADVERTISEMENT