राशिद लतीफ को माइक हेसन पर एजेंट होने का शक, कहा- वह IPL से आए हैं
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के 133 रनों पर ढेर होने के बाद हाहाकार मचा हुआ है। इस बीच, पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज राशिद लतीफ ने टीम के मुख्य कोच माइक हेसन की वफादारी और अखंडता पर बेहद गंभीर और तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात एक यूट्यूब चैनल पर चर्चा के दौरान उन्होंने हेसन के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास को लेकर बड़ा संदेह जताया।
बयान
लतीफ ने क्या दिया बयान?
HT के अनुसार, पाकिस्तान टीम से जुड़ने से पहले हेसन IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ थे।
इसी पृष्ठभूमि पर निशाना साधते हुए लतीफ ने कहा, "एक विदेशी कोच के लिए सुरक्षा से ज्यादा निष्ठा सबसे महत्वपूर्ण होती है। बॉब वूल्मर और ज्योफ लॉसन जैसे कोच पाकिस्तान के प्रति पूरी तरह वफादार थे और उन्होंने दिल से काम किया, लेकिन जो कोच सीधे IPL में काम करके पाकिस्तान आ रहा है, उस पर हमेशा एक संदेह बना रहेगा।"
संदेह
लतीफ ने हेसन पर जताया एजेंट होने का शक
लतीफ ने सीधे तौर पर हेसन का नाम लिए बिना उन्हें एक एजेंट तक कह दिया।
उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि वह वफादार नहीं हैं, हो सकता है कि वह हों, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को ऐसे विदेशी कोचों की पृष्ठभूमि और इतिहास अच्छी तरह जांचना चाहिए। जो सीधे IPL और वहां के लोगों से जुड़े हुए हैं, उनका इस्तेमाल (जासूसी या नुकसान के लिए) किया जा सकता है। एजेंट इसी तरह तैयार होते हैं।"
प्रदर्शन
हेसन के कार्यकाल में पाकिस्तान का प्रदर्शन
हेसन को मई 2025 में पाकिस्तान का सीमित ओवर क्रिकेट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था।
उन्हें वर्तमान टेस्ट सीरीज में सरफराज अहमद की जगह पाकिस्तानी ड्रेसिंग रूम की कमान भी सौंपी गई है।
उनके मार्गदर्शन में पाकिस्तान एशिया कप 2025 के फाइनल में पहुंचा था, जहां उसे भारतीय क्रिकेट टीम से हार मिली थी।
इसी वह टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में भारत और इंग्लैंड से हारकर टीम बाहर हो गई थी।