IPL में GT की ओर से सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज हैं राशिद खान, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जिसमें गुजरात टाइटंस (GT) की टीम 31 मार्च को पंजाब किंग्स (PBKS) से भिड़ेगी। GT की टीम IPL 2025 में एलिमिनेटर में हारकर बाहर हुई थी और आगामी सीजन में टीम खिताब के लिए अपनी दावेदारी पेश करेगी। GT अपने प्रमुख गेंदबाज राशिद खान से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। आइए लीग में उनके रिकॉर्ड्स और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
इकॉनमी
तीसरे सबसे बेहतर इकॉनमी रेट वाले गेंदबाज
राशिद ने IPL में 136 मैच खेलने के बाद 23.83 की औसत से 158 विकेट लिए हैं। क्रिकइंफो के अनुसार, लीग में कम से कम 100 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में उनका इकॉनमी रेट (7.08) तीसरा सबसे बेहतर है। इस मामले में वह सुनील नरेन (6.79) और हरभजन सिंह (7.07) से ही पीछे हैं। 2017 में राशिद के डेब्यू सीजन के बाद से सिर्फ युजवेंद्र चहल (165) ने ही उनसे ज्यादा IPL विकेट लिए हैं।
GT
GT के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं राशिद
राशिद GT के लिए 50 से ज्यादा IPL विकेट लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए 60 मैचों में 65 विकेट लिए हैं। उनकी एकमात्र IPL हैट्रिक 2023 में KKR के खिलाफ आई थी। GT के लिए राशिद का औसत 28.52 और इकॉनमी रेट 8.07 है। खास बात यह है कि राशिद एकमात्र ऐसे विदेशी गेंदबाज हैं जिन्होंने 2 अलग-अलग IPL टीमों के लिए 50 से ज्यादा विकेट लिए हैं।
SRH
SRH के लिए राशिद का प्रदर्शन
2022 में GT में शामिल होने से पहले, राशिद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के प्रमुख गेंदबाज हुआ करते थे। उन्होंने 2017 में SRH के लिए अपना IPL डेब्यू किया था। उन्होंने SRH का प्रतिनिधित्व करते हुए 76 मैचों में 6.33 की इकॉनमी रेट से 93 विकेट लिए थे। वह SRH से खेलते हुए दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। भुवनेश्वर कुमार (157) उनसे आगे हैं। SRH ने 2022 की बड़ी नीलामी से पहले उन्हें रिटेन नहीं किया था।
बल्लेबाजी
बल्लेबाजी में ये रिकॉर्ड बना चुके हैं राशिद
IPL 2023 में राशिद ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 32 गेंदों में 79* रन की तूफानी पारी खेली थी। हालांकि, उस मैच में GT को हार मिली थी। उन्होंने IPL में 8वें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। अपनी पारी के दौरान राशिद ने 10 छक्के जड़े, जो IPL में लक्ष्य का पीछा करते हुए लगाए गए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं।
आंकड़े
IPL 2025 में राशिद ने किया था निराश
राशिद का सीजन इकॉनमी रेट अपने पहले 6 IPL सीजन में से हर एक में 7 से कम रहा था। हालांकि, अपने पिछले 3 सीजनों में से हर एक में उन्होंने 8.2 से ज्यादा की दर से रन दिए। 2025 के सीजन में उनका सबसे खराब प्रदर्शन रहा था। उन्होंने 15 मैचों में 9.34 की इकॉनमी रेट से 9 विकेट लिए थे। यह लेग स्पिनर 2026 के सीजन में जोरदार वापसी करने के लिए बेताब होगा।