राशिद खान ने वैभव सूर्यवंशी को बताया भारतीय क्रिकेट का भविष्य, जमकर की तारीफ
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के स्पिनर राशिद खान ने भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है और उन्हें भारत का भविष्य बताया है। इस समय भारत और अफगानिस्तान के बीच टी-20 सीरीज खेली जा रही है, जिसमें शुरुआती 2 मैचों में सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला है। ऐसे में इस सीरीज में अब तक दोनों खिलाड़ियों का आमना-सामना नहीं हुआ है। आइए जानते हैं राशिद ने क्या कुछ कहा है।
बयान
लंबा खेल सकते हैं वैभव सूर्यवंशी- राशिद खान
राशिद ने NDTV को दिए इंटरव्यू में कहा, "सूर्यवंशी बहुत ही आक्रामक बल्लेबाज हैं। वह भारत का भविष्य हैं, जिस तरह से उन्होंने प्रदर्शन किया है, वह अविश्वसनीय है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो लंबा खेल सकते हैं। अभी तो उनकी उम्र सिर्फ 15-16 साल है। अच्छा लगता है जब कोई युवा आकर बड़े टूर्नामेंट में बड़े गेंदबाजों के सामने वर्चस्व दिखाता है। उम्मीद है भविष्य में भी ऐसा ही खेलते रहेंगे।"
बयान
वैभव रेड बॉल क्रिकेट में भी सफल होने की काबिलियत रखते हैं- राशिद खान
राशिद ने सूर्यवंशी के रेड बॉल के भविष्य के बारे में कहा, "जब मैं क्रिकेट में आया था तो सबने कहा था कि आप सिर्फ टी-20 टीम में होने चाहिए। वनडे और टेस्ट के खिलाड़ी नहीं हो। हर खिलाड़ी में कोई न कोई कमी है, लेकिन बेहतर खिलाड़ी वही है जो अपनी कमियों पर काम करे। मुझे लगता है कि उनमें तीनों प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता है। हर खिलाड़ी अपने बारे में बेहतर बता सकता है।"
आंकड़े
राशिद ने सूर्यवंशी को किया है एक बार आउट
अब तक दोनों खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमना-सामना नहीं हुआ है। हालांकि, IPL 2026 में दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुके हैं।
IPL में सूर्यवंशी ने राशिद की 12 गेंदों का सामना किया है, जिसमें उन्होंने 2 छक्कों और एक चौके की मदद से 20 रन बनाए हैं।
इस बीच राशिद ने एक बार सूर्यवंशी का विकेट लिया है।
बता दें कि IPL 2026 में सूर्यवंशी ने 776 रन बनाए थे।
करियर
सूर्यवंशी ने अब तक खेले हैं 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच
सूर्यवंशी ने इसी साल जुलाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई टी-20 सीरीज में 2 अर्धशतक लगाकर सीरीज का समापन किया और उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया था।
सूर्यवंशी ने अब तक भारत की ओर से 6 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं, जिसमें उन्होंने 32.16 की औसत और 189.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 193 रन बनाए हैं। इस बीच 81 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है।
उन्होंने भारतीय टीम से अब तक टेस्ट और वनडे नहीं खेला है।