सारांश जैन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, 200 विकेट भी पूरे
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के मुकाबले में मध्य प्रदेश क्रिकेट टीम के स्टार ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने बिहार क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार गेंदबाजी करते हुए 7 विकेट अपने नाम किए। यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का 11वां 5 विकेट हॉल और अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। उनकी इस गेंदबाजी की बदौलत ही बिहार की पहली पारी महज 99 रन पर सिमट गई। आइए सारांश की गेंदबाजी और करियर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
कैसी रही सारांश की गेंदबाजी?
सारांश ने बिहार को 18 रन के स्कोर पर आयुष लोहारुका (9) के रूप में तीसरा झटका देते हुए पारी में अपने विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने सटीक गेंदबाजी करते हुए साकिबुल गनी (0), आकाश राज (2), राघवेंद्र प्रताप सिंह (6), आदित्य राज (18), सूरज कश्यप (7) और हिंमाशु सिंह (4) को भी अपना शिकार बनाया।
उन्होंने पारी में 13 ओवर गेंदबाजी की और एक मैडन के साथ 40 रन खर्च किए।
उपलब्धि
सारांश ने पूरे 200 प्रथम श्रेणी विकेट
सारांश ने पारी का 5वां विकेट लेते ही बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस विकेट के साथ उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 200 विकेट भी पूरे कर लिए।
उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए खेलते हुए ही इस मील के पत्थर को छुआ है। इसी तरह यह उनके प्रथम श्रेणी करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
वह टीम के प्रमुख गेंदबाज हैं और उन्होंने 2021-22 में टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
करियर
कैसा रहा है सारांश का प्रथम श्रेणी करियर?
सारांश ने 2014 में अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 60 मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 107 पारियों में 28 से अधिक की औसत और करीब 3 की इकॉनमी रेट से 202 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं।
वह 11 बार 5 विकेट हॉल लेने के साथ 10 बार 4 विकेट हॉल भी अपने नाम कर चुके हैं।
उन्होंने अगस्त 2026 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने एकमात्र टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था।