Page Loader
रणजी ट्रॉफी: पृथ्वी शॉ ने लगाया अपना पहला तिहरा शतक, बनाए दिलचस्प रिकॉर्ड्स
पृथ्वी ने लगाया अपना पहला तिहरा शतक (तस्वीर:ट्विटर/@ICC)

रणजी ट्रॉफी: पृथ्वी शॉ ने लगाया अपना पहला तिहरा शतक, बनाए दिलचस्प रिकॉर्ड्स

Jan 11, 2023
11:27 am

क्या है खबर?

मुंबई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने रणजी ट्रॉफी करियर का पहला तिहरा शतक (379) लगा दिया है। उन्होंने असम के खिलाफ खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन यह कारनामा कर दिखाया है। मैच के पहले दिन की समाप्ति तक पृथ्वी 240 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए थे। उन्होंने दूसरे दिन के पहले सत्र के दौरान 326 गेंदों में अपना तिहरा शतक पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है।

साझेदारी

पृथ्वी ने रहाणे के साथ की बड़ी साझेदारी

पारी की शुरुआत करने आए पृथ्वी ने पहले विकेट के लिए मुशीर खान के साथ 123 रन जोड़े थे। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए अरमान जाफर के साथ 74 रन की साझेदारी की। उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ 401 रन की साझेदारी करके टीम का स्कोर 600 के करीब पहुंचा दिया है। बता दें, दूसरे दिन के भोजनकाल तक रहाणे 131 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं।

उपलब्धि

इस मामले में पहले बल्लेबाज बने पृथ्वी

इस तिहरे शतक के साथ ही पृथ्वी ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वह रणजी ट्रॉफी में तिहरे शतक के साथ-साथ, विजय हजारे ट्रॉफी में दोहरा शतक और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 50 ओवर प्रारूप में खेले जाने वाले विजय हजारे 2021 में पुडुचेरी के खिलाफ 152 गेंदों में नाबाद 227 रन बनाए थे। इसी तहर 20 ओवर प्रारूप में होने वाली मुश्ताक अली ट्रॉफी में 134 रन बनाए थे।

रिकॉर्ड

मुंबई के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले बल्लेबाज बने पृथ्वी

पृथ्वी ने 383 गेंदों में 379 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 49 चौके और 4 छक्के लगाए। अपनी इस मैराथन पारी की बदौलत पृथ्वी के बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह रणजी ट्रॉफी के इतिहास में मुंबई के किसी बल्लेबाज द्वारा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वह बी बी निंबालकर (443*) के बाद रणजी ट्रॉफी इतिहास में दूसरे सर्वोच्च स्कोर वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

फर्स्ट क्लास करियर

पृथ्वी ने पूरे किए अपने 3,500 रन

पृथ्वी ने रणजी ट्रॉफी 2016-17 के सेमीफाइनल में तमिलनाडु के खिलाफ अपना प्रथम श्रेणी पदार्पण किया था। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपने पहले मैच की दूसरी पारी में शतक (120) बनाया था। जिसके लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' भी चुना गया था। उन्होंने 41 मैचों 12 शतक और 15 अर्धशतक की मदद से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 3,500 से ज्यादा रन बना लिए हैं। उन्होंने लिस्ट-A और टी-20 में क्रमशः 2,627 और 2,401 रन बनाए हैं।