Page Loader
रणजी ट्रॉफी: दिल्ली ने 42 साल बाद मुंबई को हराया, सरफराज की शतकीय पारी गई बेकार
दिल्ली की टीम को मुंबई के खिलाफ शानदार जीत मिली है (तस्वीर: ट्विटर/@BCCIdomestic)

रणजी ट्रॉफी: दिल्ली ने 42 साल बाद मुंबई को हराया, सरफराज की शतकीय पारी गई बेकार

Jan 20, 2023
03:48 pm

क्या है खबर?

हिम्मत सिंह की कप्तानी मे दिल्ली क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को बड़ा कारनामा किया है। उन्होंने 42 साल में पहली बार मुंबई के खिलाफ कोई जीत दर्ज की है। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब दिल्ली को मुंबई पर जीत मिली है। उन्हें अपनी दूसरी पारी में सिर्फ 95 रन बनाने थे और उन्होंने दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस सीजन उनकी यह पहली जीत है। आइए मैच पर एक नजर डालते हैं।

मैच रिपोर्ट

दिल्ली को पहली पारी में मिली 76 रन की बढ़त

दिल्ली ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। सरफराज खान ने 125 रनों की शानदार पारी खेली। जिसके दम पर मुंबई की टीम पहली पारी में 293 रन बना सकी। उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और चार छक्के लगाए। दिल्ली के प्रांशु विजयरान ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। जवाब में दिल्ली ने पहली पारी में 369 रन बनाए और मुंबई पर 76 रनों की बढ़त हासिल कर ली।

साझेदारी

दूसरी पारी में मुंबई का कोई बल्लेबाज नहीं चला

दिल्ली के लिए पहली पारी में वैभव रावल और हिम्मत सिंह ने पांचवें विकेट के लिए 195 रन जोड़े। वैभव ने 114 रन बनाए। वहीं हिम्मत के बल्ले से 85 रन निकले। मुंबई के लिए तुषार देशपांडे ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए। मुंबई की दूसरी पारी में कप्तान अजिंक्य रहाणे (51) सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। दिविज मेहरा ने 13 ओवर में 30 रन देकर पांच विकेट लिए। दूसरी पारी सिर्फ 179 रन पर खत्म हो गई।

जीत

दिल्ली ने दर्ज की इस सीजन की पहली जीत

दिल्ली की यह इस सीजन पहली जीत है। इससे पहले पांच मुकाबलों में दो में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, वहीं तीन मुकाबले ड्रॉ रहे थे। दिल्ली के लिए पांच विकेट लेने वाले दिविज ने इसी साल 10 जनवरी को आंध्रा के खिलाफ अपना पहला फर्स्ट क्लास मैच खेला था। उन्होंने अब तक सिर्फ दो मैच खेले हैं और 18.12 की शानदार औसत से आठ विकेट अपने नाम किए हैं।

आंकड़े

सरफराज की पारी भी नहीं आई काम

मैच में सरफराज ने लगातार दूसरा शतक लगाया। मुंबई की पहली पारी में शतक से पहले उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ 162 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ नाबाद 126 रन बनाए थे। सरफराज ने 2019-20 रणजी सीजन में 154.66 की औसत से 928 रन बनाए थे। वहीं 2021-22 के सीजन में उन्होंने 122.75 की औसत से 982 रन बनाए थे। इस सीजन भी वह 500 से अधिक रन बना चुके हैं।