रणजी ट्रॉफी 2026-27: सौराष्ट्र की कप्तानी करेंगे जयदेव उनादकट, रविंद्र जडेजा भी टीम में शामिल
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2026-27 की शुरुआत 11 अक्टूबर से होनी है, जिसमें सौराष्ट्र क्रिकेट टीम अपने पहले मैच में छतीसगढ़ से भिड़ेगी। इस पहले मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं, रविंद्र जडेजा भी इस टीम में चुने गए हैं। तेज गेंदबाज नील पांड्या और ऑलराउंडर अर्थ यादव के रूप में 2 नए खिलाड़ियों को भी मौका मिला है। आइए सौराष्ट्र की टीम पर एक नजर डालते हैं।
खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों को मिला मौका
सौराष्ट्र की टीम में हार्विक देसाई विकेटकीपिंग करना जारी रखेंगे, जबकि अर्पित वसावडा और तरंग गोहेल बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
कप्तान उनादकट के साथ-साथ चेतन सकारिया और धर्मेंद्रसिंह जडेजा अन्य तेज गेंदबाज हैं।
सौराष्ट्र 2025-26 सीजन में ग्रुप-स्टेज से ही बाहर हो गई थी।
इस टीम ने 2 बार (2019-20 और 2022-23 में) रणजी ट्रॉफी जीती है और टीम अपने तीसरे खिताब की तलाश में है। ये दोनों ही खिताब उनादकट की कप्तानी में जीते गए थे।
टीम
पहले मैच के लिए ऐसी है सौराष्ट्र की टीम
सौराष्ट्र की टीम एलीट ग्रुप-B में मौजूद है। अपने पहले मुकाबले में सौराष्ट्र की टीम छत्तीसगढ़ के खिलाफ 11 अक्टूबर को मैच खेलेगी।
इसके बाद 18 अक्टूबर को कर्नाटक के विरुद्ध दूसरा मैच खेलेगी।
सौराष्ट्र की टीम: जयदेव उनादकट (कप्तान), रविंद्र जडेजा, हार्विक देसाई, अर्पित वासवदा, चिराग जानी, प्रेरक मांकड़, जय गोहिल, चेतन सकारिया, अंकुर पनवार, सम्मर गज्जर, पार्थ भुट, विश्वराजसिंह जाडेजा, हेतविक कोटक, नील पांड्या, अर्थ यादव, और तरंग गोहेल।
जडेजा
शानदार रहा है जडेजा का प्रथम श्रेणी करियर
जडेजा हाल ही में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आए थे।
वह मौका मिलने पर घरेलू क्रिकेट में खेलते रहे हैं। उन्होंने अब तक 150 प्रथम श्रेणी मैचों में 44.45 की औसत के साथ 8,402 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 15 शतक और 45 अर्धशतक लगाए हैं।
दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 24.49 की औसत के साथ 589 विकेट लिए हैं।
उनादकट
काउंटी चैंपियनशिप में खेलते हुए नजर आए थे उनादकट
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज उनादकट ससेक्स के लिए शानदार प्रदर्शन करके आ रहे हैं।
उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप के 7 मैचों में 22.21 की औसत से 28 विकेट लिए थे। उन्होंने हैम्पशायर के खिलाफ पारी में 32 रन देकर 5 विकेट लेने का शानदार प्रदर्शन किया था।
उन्होंने 2 पारियों में 4-4 विकेट भी लिए थे।
वह अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर में अब तक 500 से अधिक विकेट ले चुके हैं।