Page Loader
रणजी ट्रॉफी 2023-24: शेल्डन जैक्सन ने लगाया अपने प्रथम श्रेणी करियर का 21वां शतक, जानिए आंकड़े
जैक्सन ने खेली 116 रन की पारी (तस्वीर: एक्स/@KKRiders)

रणजी ट्रॉफी 2023-24: शेल्डन जैक्सन ने लगाया अपने प्रथम श्रेणी करियर का 21वां शतक, जानिए आंकड़े

Feb 10, 2024
03:29 pm

क्या है खबर?

सौराष्ट्र क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन ने इस समय खेली जा रही रणजी ट्रॉफी में राजस्थान क्रिकेट टीम के खिलाफ शतक (116) लगाया। पहले दिन के खेल की समाप्ति पर 78 रन बनाकर नाबाद रहने वाले जैक्सन ने दूसरे दिन के दौरान अपने प्रथम श्रेणी करियर का 21वां शतक लगाया। उनकी पारी की बदौलत सौराष्ट्र ने पहली पारी में 328 रन का अच्छा स्कोर खड़ा किया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही जैक्सन की पारी

पहली पारी में जब सौराष्ट्र ने 74 रन अपना तीसरा विकेट खोया था, तब जैक्सन क्रीज पर आए थे। उन्होंने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 168 रन की साझेदारी भी की। पुजारा (110) के विकेट के पतन के बाद भी जैक्सन ने एक छोर संभाले रखा और धर्मेंद्रसिंह जडेजा के साथ 56 रन की साझेदारी की। अच्छी लय में दिख रहे जैक्सन 8 चौकों की मदद से 116 रन बनाकर आउट हुए।

प्रदर्शन

मौजूदा सीजन में कैसा रहा है जैक्सन का प्रदर्शन?

रणजी ट्रॉफी 2023-24 में जैक्सन बड़ी पारी खेलने के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे। उन्होंने शुरुआत में झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 54 रन की पारी खेली थे। उसके बाद हरियाणा के खिलाफ वह अपनी दोनों पारियों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे। इसके बाद विदर्भ के खिलाफ उन्होंने 21 और 10 रन बनाए और सर्विसेज के खिलाफ केवल 21 रन बनाए। उन्होंने 7 परियों में 33.14 की औसत से 232 रन बनाए हैं।

आंकड़े

शानदार रहा है जैक्सन का प्रथम श्रेणी करियर

2006 से घरेलू क्रिकेट खेल रहे जैक्सन ने 2011 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने 96 प्रथम श्रेणी मैचों में लगभग 50 की औसत के साथ 6,856 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 21 शतक के अलावा 37 अर्धशतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 186 रन रहा है। अपना लिस्ट-A करियर में उन्होंने 36.35 की औसत से 2,654 रन अपने नाम किए हुए हैं।

लेखा-जोखा

राजस्थान ने गंवाए शुरुआती विकेट

सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 328 रन बनाए हैं। राजस्थान क्रिकेट टीम से एबी कूकना ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए। जवाब में राजस्थान की खराब शुरुआत रही। सुमित गोदारा (12) और यश कोठारी (9) के रूप में दोनों सलामी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इसके बाद महिपाल लोमरोर भी 30 रन बनाकर आउट हो गए। राजस्थान ने अपनी पारी में 32 ओवर के बाद 79/3 का स्कोर बना लिया है।