
रणजी ट्रॉफी 2023-24: मुशीर खान ने क्वार्टर फाइनल में लगाया दोहरा शतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
रणजी ट्रॉफी 2023-24 के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुंबई क्रिकेट टीम के मुशीर खान ने बड़ौदा क्रिकेट टीम के खिलाफ दोहरा शतक (203*) लगाया है।
अपना चौथा प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे मुशीर ने पहली बार कोई शतक लगाया और उसे दोहरे शतक में तब्दील किया।
उनकी इस पारी की मदद से मुंबई ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 384 रन बनाए।
आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
ऐसी रही मुशीर की पारी
जब मुंबई ने 57 रन के स्कोर पर पृथ्वी शॉ के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया था, तब मुशीर क्रीज पर आए। मुंबई ने निरंतर अंतराल पर अपने विकेट गंवाए।
इस बीच मुशीर ने छठे विकेट के लिए हार्दिक तमोरे के साथ मिलकर 181 रन की साझेदारी की।
पहले दिन के स्टम्प्स तक मुशीर 128 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए थे। उन्होंने दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान अपनी पारी को दोहरे शतक में तब्दील कर दिया।
आंकड़े
2022 में किया था अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू
मुशीर ने दिसंबर 2022 में सौराष्ट्र क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। अपने पहले मैच में उन्होंने 12 और 23 रन के स्कोर किए थे।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अब तक 4 मैचों की 6 पारियों में 299 रन अपने नाम कर लिए हैं।
वह अब तक मुंबई की टीम से लिस्ट-A और टी-20 प्रारूप में कोई मैच नहीं खेल सके हैं।
जानकारी
दोहरा शतक लगाने वाले मुंबई के दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज बने मुशीर
मुशीर ने 18 साल 362 दिन की उम्र में दोहरा शतक लगाया। वह वसीम जाफर (1996-97 में सौराष्ट्र के खिलाफ, 18 साल, 262 दिन) के बाद रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक बनाने वाले मुंबई के दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज बन गए।
सरफराज
सरफराज के छोटे भाई हैं मुशीर
मुशीर के बड़े भाई सरफराज खान को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारत की सीनियर टीम में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में खेल रहे हैं।
मुशीर हाल ही में अंडर-19 विश्व कप में खेलते हुए नजर आए थे। उन्होंने 7 पारियों में 60 की औसत के साथ 360 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक भी शामिल थे।
वह भारतीय कप्तान उदय सहारण (397) के बाद दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
लेखा-जोखा
मुंबई ने बनाया अच्छा स्कोर
मुशीर के साथ बड़ी साझेदारी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तमोरे ने 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।
इन दोनों के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज ज्यादा बड़ी पारी नहीं खेल सका। मुंबई ने अपनी पहली पारी में 140.4 ओवर खेलते हुए 384 रन बनाए।
दूसरी तरफ बड़ौदा की ओर से भार्गव भट्ट सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 112 रन देते हुए 7 विकेट लिए।
उनके अलावा निनाद रथवा के खाते में 3 विकेट आए।