राहुल द्रविड़ का वैभव सूर्यवंशी पर बयान, कहा- टेस्ट क्रिकेट को दे सकते हैं रोमांचक भविष्य
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का मानना है कि 15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट को एक रोमांचक भविष्य दे सकते हैं। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि इस युवा खिलाड़ी के विकास को बहुत ही सावधानी से संभालने की जरूरत है और उनके प्रति धैर्य दिखाना होगा। बता दें कि सूर्यवंशी को दलीप ट्रॉफी 2026 के लिए ईस्ट जोन की टीम में शामिल किए जाने पर यह बयान आया है।
बयान
द्रविड ने क्या दिया बयान?
द्रविड ने डबलिन में क्रिकइंफो से कहा, "उम्मीद है कि किसी दिन अगर वह (वैभव सूर्यवंशी) अच्छा प्रदर्शन करते हैं और वैसा ही खेल दिखाते हैं जैसा उन्होंने सीमित ओवर क्रिकेट में दिखाया है, तो वह भारत के लिए एक बेहतरीन टेस्ट खिलाड़ी बन सकते हैं। यह विश्व क्रिकेट के लिए भी बहुत रोमांचक होगा।"
उन्होंने आगे कहा कि सूर्यवंशी को भारत के घरेलू सर्किट में लाल गेंद क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करने के लिए भी समय मिलना चाहिए।
सराहना
सूर्यवंशी के पास है रेड बॉल क्रिकेट में भविष्य बनाने का समय- द्रविड
द्रविड ने कहा, "मुझे लगता है कि आपको हमेशा वह संतुलन ढूंढना होता है। मेरा मानना है कि यह एक बेहतरीन बात है कि वैभव को भारत में IPL के माध्यम से कुछ सीमित ओवर क्रिकेट खेलने का अनुभव मिल रहा है, लेकिन उनके पास वापस जाने और भारतीय घरेलू प्रणाली में रेड-बॉल क्रिकेट खेलने और अपने रेड-बॉल करियर को आगे बढ़ाने का भी समय है। अच्छी बात यह है कि उनके पास इसके लिए थोड़ा समय भी है।"
सहयोग
सूर्यवंशी को देना होगा कुछ समय - द्रविड
द्रविड ने कहा, "सूर्यवंशी को कुछ अनुभव की आवश्यकता होगी। उन्हें बहुत सारा रेड-बॉल क्रिकेट खेलने का अवसर मिलने जा रहा है। वह अभी केवल 15 साल के हैं और मुझे लगता है कि आपको उन्हें कुछ समय देना होगा और आपको उनके प्रति धैर्य रखना होगा।"
उन्होंने कहा, "सूर्यवंशी ने स्पष्ट रूप से तुरंत इतनी बड़ी सफलता हासिल की है, लेकिन वह अपने उतार-चढ़ाव से गुजरेंगे और मुझे लगता है कि लोगों को उनके साथ धैर्य बनाए रखना होगा।"
जरूरत
टेस्ट क्रिकेट को जीवित रखने के लिए सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों की जरूरत
द्रविड ने कहा, "हम सभी टेस्ट क्रिकेट को जीवित देखना चाहते हैं, हम सभी टेस्ट क्रिकेट को बढ़ते हुए देखना चाहते हैं और हमें उम्मीद है कि खेल के तीनों प्रारूपों को खेलने में सक्षम होने के लिए उनके जैसे खिलाड़ियों की आवश्यकता है। वैभव सूर्यवंशी, दुनिया भर की टी-20 प्रतियोगिताओं में न खेलकर, वास्तव में रेड-बॉल भारतीय घरेलू प्रतियोगिता में खेल रहे हैं। वह आगे बढ़ रहे हैं, वह रेड-बॉल कौशल में बेहतर हो रहे हैं।"
लक्ष्य
सूर्यवंशी का अगला लक्ष्य है दलीप ट्रॉफी
सूर्यवंशी की अगली परीक्षा दलीप ट्रॉफी में होगी, जहां घरेलू सीजन की शुरुआत में वह ईस्ट जोन के लिए खेलेंगे।
यह टूर्नामेंट उन्हें प्रथम श्रेणी क्रिकेट में निरंतरता देगा, जिसकी अब तक अपेक्षाकृत कमी रही है।
उन्होंने अब तक केवल 8 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं, जिसमें उनकी औसत 17.25 की रही है।
दलीप ट्रॉफी के बाद उन्हें सितंबर में इंडिया-A और ऑस्ट्रेलिया-A के बीच होने वाले 2 अनौपचारिक टेस्ट मैचों में भी का मिलने की संभावना है।