राहुल द्रविड़ ने टीम मालिक होने के बावजूद नहीं दिया दखल, कोच राठौर ने किया खुलासा
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज राहुल द्रविड़ का करियर उपलब्धियों भरा रहा था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्होंने कोचिंग में भी खासी सफलता हासिल की। अब द्रविड़ यूरोपियन टी-20 प्रीमियर लीग (ETPL) में डबलिन गार्डियन्स टीम के मालिक हैं। इस फ्रेंचाइजी टीम के प्रमुख कोच विक्रम राठौर हैं। अब राठौर ने द्रविड़ के टीम मालिक वाली भूमिका को लेकर दिलचस्प खुलासे किए हैं। आइए जानते हैं उन्होंने द्रविड़ को लेकर क्या कुछ कहा है।
बयान
राहुल द्रविड़ टीम में ज्यादा दखल नहीं देते- विक्रम राठौर
NDTV के मुताबिक, द्रविड़ के साथ बतौर कोच काम कर चुके राठौर ने कहा, "राहुल एक मालिक की तरह व्यवहार कर रहे हैं। मेरा मतलब है कि वह बहुत ज्यादा दखल नहीं देते, इसलिए यह अच्छा रहा है। उनके जैसा इंसान होना बहुत अच्छा है, क्योंकि उन्होंने कोच के तौर पर काफी समय बिताया है। वह समझते हैं कि टीमें कैसे काम करती हैं और नतीजे कैसे आ सकते हैं।"
बयान
टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद द्रविड़ का मिला समर्थन- राठौर
राठौर ने कहा कि टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद द्रविड़ ने समर्थन किया है और यही एक अच्छे मालिक की पहचान है।
उन्होंने आगे कहा, "हमने वहां कोई भी मैच नहीं जीता। हमने जो शुरुआती 5 मैच खेले, उनमें सभी में हार झेली। इसके बावजूद उन्होंने बहुत समर्थन किया है। उनका व्यवहार बहुत अच्छा रहा है, और राहुल जैसे व्यक्ति से आप ऐसी ही उम्मीद भी करते हैं।"
बयान
अश्विन की कप्तानी पर क्या बोले विक्रम राठौर
इस फ्रेंचाइजी की कमान रविचंद्रन अश्विन के हाथों में है।
राठौर ने बताया कि टीम से जुड़े हुए ज्यादातर निर्णय अश्विन ही करते हैं।
राठौर ने कहा, "जहां तक अश्विन की बात है, जाहिर है कि उन्हें क्रिकेट और क्रिकेटरों की बहुत अच्छी समझ है। मैं तो उन्हें क्रिकेट का दीवाना ही मानता हूं। वह बहुत ज्यादा क्रिकेट देखते हैं और उन्हें दुनिया भर के खिलाड़ियों के बारे में बहुत जानकारी है। यह वाकई कमाल की बात है।"
जानकारी
ऐसा रहा डबलिन गार्डियन्स का प्रदर्शन
ETPL में गार्डियन्स ने अब तक 6 मैच खेले, जिसमें से सिर्फ एक में उन्हें जीत मिली और 5 में हार का सामना करना पड़ा। अश्विन की कप्तानी वाली टीम अंक तालिका में फिलहाल 5वें स्थान पर है।