LOADING...
रहमत शाह ने भारत के खिलाफ जड़ा पहला वनडे अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
रहमत शाह ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@ACBofficials)

रहमत शाह ने भारत के खिलाफ जड़ा पहला वनडे अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Jun 17, 2026
09:43 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रहमत शाह ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (79) खेली। यह उनके वनडे करियर का 33वां और भारत के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 52 गेंदों में पूरा किया। हालांकि, उनकी यह पारी टीम को काम नहीं आ सकी और अफगानिस्तान को मैच में 170 रन से हार झेलनी पड़ी। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही रहमत की पारी और साझेदारी?

अफगानिस्तान को 403 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 71 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए रहमत ने एक छोर थाम लिया और छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। उन्होंने सेदीकुल्लाह अटल (42) के साथ तीसरे विकेट से लिए सर्वाधिक 57 रनों की साझेदारी निभाई। वह अपनी पारी में 89 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 79 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

करियर

कैसा रहा है रहमत का वनडे करियर?

रहमत ने साल 2013 में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 127 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 122 पारियों में 35.48 की औसत और 71.48 की स्ट्राइक रेट से 4,116 रन बनाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 33 अर्धशतकों के अलावा 5 शतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 114 रन का रहा है। वह अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

Advertisement