रचिन रविंद्र का विज्ञापन शूटिंग के दौरान कंधा खिसका, क्या भारत के खिलाफ खेलेंगे टी-20 सीरीज?
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र के भारत के खिलाफ आगामी टी-20 सीरीज में खेलने पर संशय बना हुआ है। रविंद्र 16 सितंबर को ऑकलैंड में स्काई के साथ प्रचार कार्यक्रम के दौरान डाइव लगाकर कैच लेने की कोशिश में दाएं कंधे को खिसका बैठे। 18 सितंबर को विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी शुरुआती जांच की, जिसमें कंधे में कोई बड़ी अंदरूनी चोट नहीं मिली। उनकी वापसी का समय शुरुआती रिहैबिलिटेशन के दौरान उनकी स्थिति में सुधार पर निर्भर करेगा।
घटना
कैसे हुई घटना?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी-20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी।
हालांकि, रविंद्र इस सीरीज तक फिट हो पाएंगे या नहीं, यह अभी साफ नहीं है। न्यूजीलैंड के प्रदर्शन प्रबंधक माइक सैंडल ने बताया कि शूटिंग के दौरान कैच लेने की कोशिश में रविंद्र सेफ्टी मैट पर गलत तरीके से गिरे थे।
इसी दौरान उनके दाएं कंधे में चोट लगी और वह खिसक गया।
उनकी वापसी रिहैबिलिटेशन में सुधार पर निर्भर करेगी।
बयान
न्यूजीलैंड के प्रदर्शन प्रबंधन ने क्या कहा?
सैंडल ने कहा, "यह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण चोट है। हमें उनके लिए बहुत दुख है। हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह अच्छी तरह ठीक हों और जल्द से जल्द मैदान पर वापसी कर सकें। सभी खिलाड़ियों के व्यावसायिक शूट से जुड़े कार्यक्रमों की तरह, इस गतिविधि पर पहले से सभी पक्षों की सहमति थी और सुरक्षा के उचित इंतजाम थे। यह एक दुर्लभ हादसा था। भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के लिए हम अपनी प्रक्रियाओं की समीक्षा करते रहेंगे।"
कोच
कोच ने कहा- रविंद्र की वापसी को लेकर नहीं होगी जल्दबाजी
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि टीम रविंद्र की वापसी को लेकर जल्दबाजी नहीं करेगी।
उन्होंने बताया कि अगले 6 महीनों में टीम को काफी टेस्ट क्रिकेट खेलना है, इसलिए रविंद्र को जरूरत से पहले मैदान पर उतारने का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
वाल्टर ने कहा कि रविंद्र की रिहैबिलिटेशन अच्छी तरह से चल रही है और वह विशेषज्ञों की निगरानी में हैं।
टीम को उम्मीद है कि वह जल्द पूरी तरह फिट होकर वापसी करेंगे।
करियर
ऐसा रहा है रविंद्र का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
रविंद्र ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2021 में खेला था।
उन्होंने अब तक 52 मुकाबले खेले हैं और इसकी 46 पारियों में 9 बार नाबाद रहते हुए 20.51 की औसत से 759 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 135.29 की रही है।
उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 69 रन रहा है।
गेंदबाजी में उन्होंने 17.46 की औसत से 26 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/27 का रहा है।