कोहली पर अश्विन ने कसा मजेदार तंज, बोले- क्या वह इंग्लैंड के लिए खेल रहे हैं?
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए पहले वनडे में विराट कोहली के शानदार प्रदर्शन ने भारत के पूर्व दिग्गज स्पिन रविचंद्रन अश्विन को भी प्रभावित किया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर मजाकिया अंदाज में कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे कोहली इंग्लैंड में इंग्लैंड के लिए खेल रहे हों। उनका यह तंज इंग्लैंड की बल्लेबाजी के अनुकूल पिचों को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में था, जहां आमतौर पर बल्लेबाजों को मदद मिलती है।
बयान
यहां जाने अश्विन का पूरा बयान
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "मुझे नहीं पता कि वह इंग्लैंड में इंग्लैंड के लिए खेल रहे हैं या नहीं पर इतनी लय के साथ बल्लेबाजी करना आसान नहीं है और जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं वह शानदार और अद्भुत है। 2027 के बाद उनके खेलने की संभावना बहुत कम है। यह मानसिकता की बात है।"
अश्विन ने कोहली की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए उनके शानदार प्रदर्शन को उल्लेखनीय बताया।
फिटनेस
शीर्ष स्तर पर काफी मेहनत करनी होती है- अश्विन
अश्विन ने कहा कि शीर्ष स्तर की फिटनेस और बल्लेबाजी की फॉर्म बनाए रखना काफी मेहनत का काम है।
उन्होंने कहा कि जो काम पर्दे के पीछे होता है वह हमें दिखाई नहीं देता, लेकिन कोहली निश्चित तौर पर काफी मेहनत कर रहे होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि 2027 के बाद अगर कोहली वनडे क्रिकेट खेलना भी चाहते हैं तो इसका कोई व्यावहारिक मतलब नहीं बनता क्योंकि वह टेस्ट और टी-20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।
लक्ष्य
कोहली ने 2027 विश्व कप के बाद संन्यास के दिए थे संकेत
हाल ही में कोहली ने अपने भविष्य को लेकर बात करते हुए 2027 वनडे विश्व कप को अपना लक्ष्य बताया था।
उन्होंने संकेत दिया था कि टूर्नामेंट के बाद वह अपने करियर पर विराम लगा सकते हैं।
अश्विन ने कहा कि कोहली का यह रुख हैरान करने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी उम्र और इस समय सिर्फ वनडे प्रारूप में सक्रिय होने को देखते हुए उनका ऐसा फैसला समझ में आता है।
पहला
पहले वनडे में ऐसी रही थी कोहली की पारी
जीत के लिए मिले 296 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने जब 74 के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब कोहली क्रीज पर आए थे।
उन्होंने साधारण सी नजर आ रही वेस्टइंडीज की गेंदबाजी के सामने निरंतर रन बटोरे।
ग्रीनफील्ड स्टेडियम पर उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर 151 रन की साझेदारी की।
उम्दा बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 88 गेंदों पर 139 रन बनाकर नाबाद रहे।