Loading...
क्विंटन डिकॉक ने टी-20 क्रिकेट में लगाया अपना 10वां शतक, विराट कोहली की बराबरी की 
डिकॉक ने लगाया अपना 10वां शतक (तस्वीर: एक्स/@ProteasMenCSA)

क्विंटन डिकॉक ने टी-20 क्रिकेट में लगाया अपना 10वां शतक, विराट कोहली की बराबरी की 

Sep 02, 2026
09:29 am

क्या है खबर?

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 में शतक लगाया। उन्होंने CPL 2026 के 26वें मैच में बारबाडोस ट्राइडेंट्स की ओर से खेलते हुए सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ 106 रन की पारी खेली। यह उनके टी-20 करियर का 10वां शतक साबित हुआ। हालांकि, उनके इस शतक के बावजूद बारबाडोस की टीम मैच नहीं जीत सकी। आइए उन पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शानदार रही डिकॉक की पारी 

बासेटेरे के मैदान पर बारबाडोस ने जब 3 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब डिकॉक क्रीज पर आए।

इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 57 गेंदों में 185.96 की स्ट्राइक रेट के साथ 106 रन बनाए।

अपनी पारी में उन्होंने 11 चौके और 6 छक्के लगाए।

उन्होंने जैकरी कार्टर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। सलामी बल्लेबाज कार्टर ने 57 रन की पारी खेली।

शतक 

डिकॉक ने शतकों के मामले में कोहली की बराबरी की 

डिकॉक अब टी-20 क्रिकेट में 10 शतक लगाने वाले 5वें बल्लेबाज बने।

उनसे पहले क्रिस गेल, बाबर आजम, विराट कोहली और डेविड वार्नर ऐसा कर चुके हैं। बता दें कि गेल टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक 22 शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।

पाकिस्तान के बाबर ने 13 शतक अपने नाम किए हैं।

भारत के कोहली और ऑस्ट्रेलिया के वार्नर ने भी टी-20 क्रिकेट में 10-10 शतक लगाए हुए हैं।

ADVERTISEMENT

करियर 

ऐसा है डिकॉक का टी-20 करियर 

डिकॉक टी-20 क्रिकेट में फिलहाल 9वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

उन्होंने अब तक 457 टी-20 मैचों में 31.30 की औसत और 139.78 की स्ट्राइक रेट के साथ 12,867 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 140* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 10 शतक और 84 अर्धशतक लगाए हैं।

वह CPL में 34 मैचों में 33 पारियों में 37.75 की औसत और 145.22 की स्ट्राइक रेट से 1,095 रन बनाए हैं।

ADVERTISEMENT

लेखा-जोखा 

बारबाडोस को मिली हार 

डिकॉक के शतक की मदद से बारबाडोस ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 4 विकेट खोकर 217 रन बनाए।

इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को सेंट किट्स की टीम ने 19.1 ओवर में हासिल किया।

सेंट किट्स की जीत में जॉनसन चार्ल्स ने 45 गेंदों में 6 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 78 रन की पारी खेली।

आंद्रे फ्लेचर ने 8 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाए।

ADVERTISEMENT