LOADING...
ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए हुई क्वालीफाइंग प्रक्रिया की पुष्टि, जानिए कितनी टीमें खेलेंगी
ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए क्वालीफाइंग प्रक्रिया की पुष्टि हो गई है

ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए हुई क्वालीफाइंग प्रक्रिया की पुष्टि, जानिए कितनी टीमें खेलेंगी

Jun 29, 2026
06:35 pm

क्या है खबर?

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने लॉस एंजिल्स 2028 (LA28) ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी के लिए क्वालिफिकेशन प्रक्रिया की पुष्टि कर दी है। इसमें जिसमें पहली बार ICC ओलंपिक क्वालीफायर भी शामिल है। ओलंपिक में 128 साल बाद टी-20 प्रारूप में वापसी कर रहे इस क्रिकेट टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 6-6 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मैच पोमोना में विशेष रूप से निर्मित क्रिकेट मैदान पर खेले जाएंगे।

निर्धारण

कैसे होगा टीमों का निर्धारण?

प्रत्येक स्पर्धा के लिए 5 क्वालीफाइंग टीमें मौजूदा ICC स्पर्धाओं और ICC टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के संयोजन के माध्यम से तय की जाएगी। पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं में छठा और अंतिम स्थान नवगठित ICC ओलंपिक क्वालीफायर के माध्यम से निर्धारित किया जाएगा, जो 2027 में आयोजित होगा। पुरुषों की पहली 5 टीमों का निर्धारण 31 दिसंबर, 2026 को रैंकिंग में शामिल रहने वाली शीर्ष 15 में से वरियता के आधार पर होगा।

जानकारी

महिला टूर्नामेंट के लिए हुई 5 टीमों की पुष्टि

ICC महिला टी-20 विश्व कप 2026 के आधार पर LA28 के पहले 5 प्रतिभागियों की पुष्टि हो गई है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीम अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीमों के रूप में क्वालीफाई कर चुकी हैं।

Advertisement

मेजबान

क्या मेजबान देश सीधे करेगा क्वालीफाई?

मेजबान देश होने के नाते USA की पुरुष और महिला टीमें सीधे क्वालीफाई करने के योग्य है, लेकिन उनका 31 दिसंबर, 2026 की ICC टी-20 रैंकिंग में शीर्ष 15 में शामिल होना आवश्यक है। अगर, USA टीम इसमें विफल होती है, तो 1 मार्च, 2027 तक किसी भी महाद्वीप से रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर रहने वाले देश को 5वां स्वचालित योग्यता स्थान प्रदान किया जाएगा। ऐसे में अब USA टीमों को अपने प्रदर्शन पर नजर रखनी होगी।

Advertisement

परेशानी

वेस्टइंडीज टीम ओलंपिक में भाग लेने के लिए अपात्र

कई कैरेबियन देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले ICC के संयुक्त सदस्य के रूप में और IOC की राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (NOC) के रूप में मान्यता प्राप्त न होने के कारण वेस्टइंडीज ओलंपिक खेलों में भाग लेने के लिए अपात्र है। हालांकि, अगर उनकी पुरुष और महिला टीमें क्वालीफाई न करने वाली 8 शीर्ष रैंकिंग वाली टीमों में शामिल होती हैं, तो ICC एक विशेष कैरेबियन क्वालीफायर आयोजित कर टूर्नामेंट में इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली राष्ट्रीय समिति तय करेगा।

क्वालीफायर

कैसे आयोजित होंगे ICC ओलंपिक क्वालीफायर टूर्नामेंट?

पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए छठा स्थान ICC ओलंपिक क्वालीफायर 2027 के पहले टूर्नामेंट में तय किया जाएगा, जिसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 8-8 देश हिस्सा लेंगे। ICC ओलंपिक क्वालीफायर के प्रत्येक टूर्नामेंट में 7 टीमें संबंधित ICC टी-20 रैंकिंग में अगली सबसे उच्च रैंक वाली टीमें होंगी, जिनमें वे टीमें शामिल नहीं होंगी जो पहले ही LA28 ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं।

बयान

जय शाह ने जताई खुशी

ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा, "क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी हमारे खेल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और दुनिया के सामने क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का एक सशक्त अवसर है। इस योग्यता मार्ग की पुष्टि लॉस एंजिल्स 2028 की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और दुनिया भर के सदस्यों को ओलंपिक मंच तक पहुंचने का एक स्पष्ट और रोमांचक मार्ग प्रदान करती है। क्रिकेट के इसमें शामिल होने से खिलाड़ियों और प्रशंसकों को प्रेरणा मिलेगी।"

बयान

ICC के CEO ने भी दिया बयान

ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) संजोग गुप्ता ने कहा, "क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी से इस खेल को वैश्विक खेल के सबसे बड़े मंच पर एक अनूठा प्रदर्शन मिलेगा, जिससे नए दर्शकों के बीच इसकी पहचान और उभरते बाजारों में इसके विकास को बढ़ावा मिलेगा।" उन्होंने आगे कहा, "ओलंपिक से 2 अरब से अधिक क्रिकेट प्रशंसकों के दिलों और दिमाग में जगह बनाने का एक द्वार मिलेगा। हम IOC, LA28 और सभी राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों के आभारी हैं।"

Advertisement