PSL 2026: बिना दर्शकों के खाली स्टेडियम में खेले जाएंगे मैच, मोहसिन नकवी ने किया ऐलान
क्या है खबर?
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के आगामी सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होनी है। इस बार ये पाकिस्तानी फ्रेंचाइजी लीग बिना दर्शकों के खाली स्टेडियम में खेली जाएगी। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के प्रभाव के कारण ये निर्णय लिया गया है। इसके साथ-साथ 2 ही मैदानों पर PSL 2026 के मैच खेलेंगे। वहीं, लाहौर में होने वाला उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
मूल शेड्यूल के अनुसार ही जारी रहेगा PSL
PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा "हमने फैसला किया कि PSL अपने मूल शेड्यूल के अनुसार ही जारी रहेगा। लेकिन हम लोगों से यह नहीं कह सकते कि वे अपनी आवाजाही सीमित रखें, और फिर हर दिन स्टेडियमों में 30,000 लोगों को इकट्ठा होने दें। हमने फैसला किया कि जब तक यह संकट जारी है, हम मैचों में दर्शकों को आने की अनुमति नहीं देंगे। यह एक मुश्किल फैसला था, लेकिन इसे लेना जरूरी था।"
बयान
बाद के चरण में हो सकती है दर्शकों की वापसी
पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान युद्ध संघर्ष के कारण दुनिया भर में तेल का संकट पैदा हो गया है, जिसका असर पाकिस्तान में भी साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। इन सबके बीच PCB के चेयरमैन नकवी ने इस बात की संभावना खुली रखी कि टूर्नामेंट के बाद के चरण दर्शकों की मौजूदगी में हो सकते हैं, लेकिन यह ईरान में चल रहे संकट के खत्म होने पर निर्भर करेगा।
रेवेन्यू
नुकसान की भरपाई करेगा PSL
नकवी ने भरोसा दिलाया है कि PCB खाली भीड़ की वजह से फ्रेंचाइजी मालिकों को हुए रेवेन्यू के नुकसान की भरपाई करेगा, जिसका ज़्यादातर हिस्सा फ्रेंचाइजी को जाता है। उन्होंने उन सभी लोगों को रिफंड देने का भी वादा किया जिन्होंने PSL मैचों के लिए पहले ही टिकट खरीद लिए थे। चेयरमैन ने पेशावर जैसे शहरों से माफी मांगी, जिन्हें 28 मार्च को एक मैच होस्ट करना था, लेकिन अब वे ऐसा नहीं कर पाएंगे।
चेतावनी
PSL छोड़कर जाने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
नकवी ने यह भी कहा कि वे उन खिलाड़ियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, जिन्होंने आखिरी समय पर PSL छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग में जाने का फैसला किया है। ब्लेसिंग मुजरबानी ने IPL में जगह पक्की होने के बाद PSL से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया है। गुडाकेश मोती, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ऑटनिल बार्टमैन और स्पेंसर जॉनसन जैसे अन्य खिलाड़ियों ने भी निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया है।