लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी, रोहित ने सचिन को पछाड़ा
क्या है खबर?
वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी करना किसी भी खिलाड़ी की क्षमता, धैर्य और दबाव झेलने की काबिलियत को दर्शाता है। इस दौरान कई दिग्गज बल्लेबाजों ने शानदार पारियों से टीम को जीत दिलाई है। रोहित शर्मा ने चेज करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। ऐसे में आइए उन बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं।
#1
विराट कोहली (29 शतक)
इस सूची में पहले स्थान पर दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली हैं।
उन्होंने 2008 से अब तक 177 मुकाबलों की 166 पारियों में लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी की है और 29 शतक लगाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 65.37 की शानदार औसत के साथ 8,499 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 45 अर्धशतक भी निकले हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन रहा है।
कोहली ने चेज करते हुए 833 चौके और 96 छक्के लगाए हैं।
#2
रोहित शर्मा (18 शतक)
रोहित अब इस सूची में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 164 मुकाबलों की 160 पारियों में 18 शतक लगाए हैं।
इस दौरान उन्होंने 50.90 की शानदार औसत के साथ 6,668 रन बनाए हैं।
इस स्टार खिलाड़ी के बल्ले से 40 अर्धशतक भी निकले हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 152 रन रहा है।
रोहित ने चेज करते हुए 635 चौके और 209 छक्के लगाए हैं।
#3
सचिन तेंदुलकर (17 शतक)
सचिन 17 शतकों के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 242 मुकाबले खेले थे और इसकी 232 पारियों में 42.33 की औसत से 8,720 रन बनाने में सफल रहे थे।
इस दौरान उनके बल्ले से 52 अर्धशतक भी निकले थे, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 175 रन रहा था।
सचिन ने चेज करते हुए 1,016 चौके और 94 छक्के लगाए थे। वह 15 बार बिना खाता खोले ही पवेलियन लौटे थे।
#4
क्रिस गेल (12 शतक)
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने 1999 से 2019 तक वनडे क्रिकेट खेला। इस दौरान लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 158 मैचों की 152 पारियों में 12 शतक लगाए।
उन्होंने 39.99 की औसत से बल्लेबाजी की और 5,559 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 34 अर्धशतक भी निकले, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 162 रन रहा।
गेल ने चेज करते हुए 617 चौके और 177 छक्के भी जड़े।