टेस्ट क्रिकेट इतिहास में एक ही मैच में 100+ रन और 10+ विकेट लेने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। एक ही मैच में 100 या उससे ज्यादा रन बनाने के साथ 10 या उससे ज्यादा विकेट लेना बेहद दुर्लभ कारनामा है। टेस्ट में अब तक कुछ ही खिलाड़ी ऐसा करने में सफल रहे हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने हरफनमौला प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। ऐसे में आइए उन खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
#1
एलन डेविडसन (124 रन, 11 विकेट बनाम वेस्टइंडीज)
इस सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी एलन डेविडसन हैं।
उन्होंने 1960 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ ब्रिस्बेन टेस्ट में 124 रन बनाने के साथ 11 विकेट भी चटकाए थे।
डेविडसन ने पहली पारी में 44 और दूसरी पारी में 80 रन बनाए थे। गेंदबाजी में उन्होंने पहली पारी में 135 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि दूसरी पारी में 87 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।
यह मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ था।
#2
इयान बॉथम (114 रन, 13 विकेट बनाम भारत)
इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर इयान बॉथम सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने 1980 में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 114 रन बनाने के साथ 13 विकेट भी चटकाए थे।
उन्होंने पहली पारी में 114 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।
गेंदबाजी में उन्होंने पहली पारी में 58 रन देकर 6 विकेट लिए और दूसरी पारी में 48 रन देकर 7 विकेट चटकाए। इंग्लैंड को 10 विकेट से जीत मिली थी।
#3
इमरान खान (117 रन, 11 विकेट बनाम भारत)
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने 1983 में भारत के खिलाफ फैसलाबाद टेस्ट में 117 रन बनाए थे और 11 विकेट चटकाए थे।
पहली पारी में उन्होंने 117 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। दूसरी पारी में उनकी बल्लेबाजी नहीं आई थी।
गेंदबाजी में उन्होंने पहली पारी में 6/98 और दूसरी पारी में 5/82 के आंकड़े दर्ज किए थे। उस मैच में पाकिस्तान को 10 विकेट से जीत मिली थी।
#4
शाकिब अल हसन (143 रन, 10 विकेट बनाम जिम्बाब्वे)
आखिरी बार ये कारनामा साल 2014 में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन ने किया था। जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच में उन्होंने 143 रन बनाए थे और 10 विकेट लिए थे।
पहली पारी में उन्होंने 137 रन की शानदार पारी खेली थी। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने 6 रन बनाए थे।
गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने पहली पारी में 5/80 और दूसरी पारी में 5/44 के आंकड़े दर्ज किए थे।
बांग्लादेश को मैच में 162 रन से जीत मिली थी।