Page Loader
वनडे क्रिकेट की एक पारी में इन खिलाड़ियों ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के
ईयोन मोर्गन इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

वनडे क्रिकेट की एक पारी में इन खिलाड़ियों ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के

Oct 02, 2024
04:32 pm

क्या है खबर?

वनडे क्रिकेट अब काफी बदल गया है। इस प्रारूप में अब तेजी से रन बनते हैं। 300 या उससे ज्यादा रन बनना इस प्रारूप में अब आम हो गया है। टी-20 क्रिकेट की तरह ही इस प्रारूप में भी बल्लेबाज शुरुआती ओवर से ही आक्रमक बल्लेबाजी करता है और बड़े-बड़े शॉट्स लगाता है। ऐसे में आइए उन शीर्ष बल्लेबाजों के बार में जानते हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़े हैं।

#1

इयोन मोर्गन (17 छक्के) 

पहले स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज इयोन मोर्गन हैं। उन्होंने साल 2019 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ 17 छक्के जड़ दिए थे। मोर्गन ने 71 गेंदों का सामना करते हुए 148 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 4 चौके भी निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 208.45 की रही थी। इंग्लैंड ने 397/6 का स्कोर बनाया था। जवाब में अफगानिस्तान 247 रन ही बना पाई और वह मुकाबला 150 रन से हार गए थे।

#2

इन खिलाड़ियों ने जड़े हैं 16-16 छक्के 

वनडे क्रिकेट में संयुक्त रूप से 4 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने एक पारी में 16-16 छक्के लगाए हैं। रोहित शर्मा ने साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रन की पारी में 16 छक्के जड़े थे। एबी डिविलियर्स ने साल 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 149 रन की पारी में 16 छक्के लगाए थे। क्रिस गेल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ साल 2015 में यह कारनामा किया था। USA क्रिकेट टीम के जसकरन मल्होत्रा ने 2021 में 16 छक्के लगाए थे।

#3

शेन वॉटसन (15 छक्के) 

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन ने साल 2011 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 185* रन की पारी खेली थी। उन्होंने ये रन सिर्फ 96 गेंदों में बनाए थे और उनकी स्ट्राइक रेट 192.70 की रही थी। उनके बल्ले से 15 चौके और 15 छक्के निकले थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम ने 229/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में कंगारू टीम ने 26 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया था।

#4

इन बल्लेबाजों ने जड़े हैं एक पारी में 14 छक्के 

कोरी एंडरसन, गेल और जोस बटलर वनडे क्रिकेट की एक पारी में संयुक्त रूप से 14-14 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के एंडरसन ने साल 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 14 छक्के लगाए थे। गेल ने साल 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ 162 रन की पारी में 14 छक्के लगा दिए थे। बटलर ने साल 2022 में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ यह कारनामा किया था। उन्होंने 162 रन की पारी खेली थी।