LOADING...
IPL 2026: RCB ने जीता लगातार दूसरा खिताब, ऐसा रहा टीम का सफर
RCB ने इस संस्करण अच्छा प्रदर्शन किया

IPL 2026: RCB ने जीता लगातार दूसरा खिताब, ऐसा रहा टीम का सफर

Jun 01, 2026
12:28 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित करते हुए लगातार दूसरा खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे सीजन में टीम ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया। लीग चरण से लेकर फाइनल तक RCB ने विरोधी टीमों पर दबाव बनाए रखा। फाइनल मुकाबले में टीम को गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 5 विकेट से जीत मिली। ऐसे में आइए उनके सफर पर एक नजर डालते हैं।

सफर

लीग स्टेज में पहले स्थान पर रही थी RCB 

RCB ने लीग स्टेज के अपने 14 में से 9 मैच जीते और 5 में उसे शिकस्त मिली थी। उनका नेट रन रेट (NRR) +0.783 का रहा था। अंक तालिका में RCB की टीम पहले स्थान पर रही थी। लीग स्टेज में RCB के बाद दूसरे स्थान पर GT और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) रही। उनके भी 18 अंक थे, लेकिन NRR रजत पाटीदार की टीम का बेहतर था। इस कारण वह पहले स्थान पर रही।

क्वालीफायर

पहले क्वालीफायर में GT को हराया 

RCB ने पहले क्वालीफायर में GT को 92 रन से हराते हुए लगातार दूसरे साल फाइनल में प्रवेश किया। धर्मशाला स्टेडियम में हुए मैच में RCB ने पहले खेलते हुए 254/5 का स्कोर बनाया था। रजत ने 33 गेंदों में 5 चौकों और 9 छक्कों की बदौलत नाबाद 93 रन बनाए थे। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए GT की टीम 162 रन पर ही सिमट गई थी। RCB 5वीं बार खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था।

Advertisement

बल्लेबाज

इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन 

विराट कोहली इस सीजन में RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 16 पारियों में 56.25 की औसत और 165.84 की स्ट्राइक रेट से 675 रन बनाए। कप्तान रजत ने 14 पारियों में 41.75 की औसत और 191.69 की स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए। इस खिलाड़ी ने 93* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 अर्धशतक लगाए। देवदत्त पडिक्कल ने 15 पारियों में 33.14 की औसत से 464 रन बनाए।

Advertisement

विकेट

इन गेंदबाजों ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट 

RCB से इस बार सबसे ज्यादा विकेट भुवनेश्वर कुमार ने चटकाए। उन्होंने 16 मैचों में 17.89 की औसत और 7.95 की इकॉनमी रेट के साथ 28 विकेट लिए। युवा तेज गेंदबाज रसिख सलाम डार के लिए भी ये सीजन अच्छा रहा। उन्होंने 12 मैचों में 21.31 की औसत से 19 विकेट लिए। उन्होंने एक पारी में 4 विकेट भी अपने नाम किया। टीम के अनुभवी गेंदबाज जोश हेजलवुड ने 15 और क्रुणाल पांड्या ने 14 विकेट हासिल किए।

Advertisement