IPL 2026: क्या है चेन्नई सुपरकिंग्स की ताकत और कमजोरी? जानिए मजबूत प्लेइंग इलेवन
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है, जिसमें चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) अपने अभियान की शुरुआत राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 30 मार्च को करेगी। CSK 5 बार खिताब जीत चुकी है और रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में इस बार शानदार प्रदर्शन करना चाहेगी। 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर इस टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। आइए इस बीच टीम की कमजोरी, ताकत और बेस्ट प्लेइंग इलेवन के बारे में जानते हैं।
टीम
ऐसी है CSK की पूरी टीम
बल्लेबाज: रुतुराज गायकवाड़, डेवाल्ड ब्रेविस, महेंद्र सिंह धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान और कार्तिक शर्मा। ऑलराउंडर: शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, जेमी ओवरटन, अमन खान और प्रशांत वीर। गेंदबाज: श्रेयस गोपाल, खलील अहमद, नाथन एलिस, गुरजपनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील होसैन, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स और अंशुल कम्बोज। CSK ने कार्तिक और प्रशांत जैसे युवा खिलाड़ियों को 14.20 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बनाया था।
मजबूती
ये है CSK की मजबूती
पिछले सीजन के मुकाबले इस बार CSK की बल्लेबाजी कहीं अधिक मजबूत नजर आ रही है। पिछली बार टीम को शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजों की कमी खली थी, लेकिन अब सैमसन, आयुष और ब्रेविस जैसे खिलाड़ी तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं। गायकवाड़ पारी को संभालने की भूमिका निभा सकते हैं। सरफराज, कार्तिक और प्रशांत अंत के ओवरों में तेजी ला सकते हैं, जबकि धोनी आखिरी गेंदों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं।
कमजोरी
ये है CSK की कमजोरी
CSK ने कार्तिक और प्रशांत पर भरोसा जरूर जताया है, लेकिन अभी तक इन खिलाड़ियों की कड़ी परीक्षा नहीं हुई है। स्पिन गेंदबाजी के लिए मशहूर इस टीम के पास इस बार अकील और नूर जैसे प्रमुख स्पिनर हैं। रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के अनुभव की कमी खलेगी। तेज गेंदबाजी में भी टीम के पास असरदार गेंदबाज हैं, लेकिन उन्हें लगातार बदलाव के साथ गेंदबाजी करनी होगी। ताकि बल्लेबाजों के आक्रामक खेल पर काबू पाया जा सके।
प्लेइंग इलेवन
ये हो सकती है CSK की प्लेइंग इलेवन
CSK की टीम एलिस, ब्रेविस, अकील और हेनरी के रूप में विदेशी खिलाड़ियों को टीम में मौका दे सकती है। सैमसन और गायकवाड़ बतौर सलामी बल्लेबाज नजर आ सकते हैं। शिवम को टीम इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर इस्तेमाल कर सकती है। संभावित एकादश: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, नाथन एलिस, अकील होसेन, खलील अहमद और मैट हेनरी।