
PCB ने कोर्बिन बॉश को भेजा नोटिस, PSL छोड़कर IPL में शामिल होने पर किया सवाल
क्या है खबर?
हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के लिए मुंबई इंडियंस (MI) ने दक्षिण अफ्रीका के कोर्बिन बॉश को अपने साथ जोड़ा था।
IPL में करार मिलते ही इस प्रोटियाज ऑलराउंडर ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2025 से अपना नाम वापस ले लिया था।
अब खबर है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस मामले में बॉश के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है।
आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
खबर
PCB ने बॉश को भेजा कानूनी नोटिस
दरअसल, MI ने लिजाड विलियम्स के चोटिल होने के बाद, बॉश को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में चुना था।
परिणामस्वरूप, बॉश ने PSL से नाम वापस ले लिया, जहां उन्हें पेशावर जाल्मी की टीम ने चुना था।
PCB ने बीते रविवार (16 मार्च) को एक विज्ञप्ति में कहा, "कानूनी नोटिस उनके एजेंट के माध्यम से दिया गया और खिलाड़ी से उनकी पेशेवर प्रतिबद्धताओं से हटने के पीछे के कारण के बारे में पूछा गया है।"
बयान
एक ही साथ खेले जाएंगे PSL और IPL
PCB ने अपने बयान में आगे कहा "PCB प्रबंधन ने PSL से उनके (बॉश) जाने के नतीजों को भी रेखांकित किया है और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनकी प्रतिक्रिया की अपेक्षा की है। बोर्ड इस मामले पर आगे कोई टिप्पणी नहीं करेगा।"
बता दें कि PSL का आगामी सीजन 11 अप्रैल से 18 मई तक चलेगा जबकि IPL का अगला सीजन 22 मार्च से 25 मई तक खेला जाएगा।
प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग में किया था शानदार प्रदर्शन
IPL 2025 की मेगा नीलामी में बॉश को कोई खरीदार नहीं मिल पाया था।
दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। वह MI केपटाउन टीम का हिस्सा थे।
उन्होंने 8 मुकाबलों में 11 विकेट अपने नाम किए थे। सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 4/19 के शानदार आंकड़े दर्ज किए थे।
वह अब तक IPL में कोई मैच नहीं खेल सके हैं।
अंतरराष्ट्रीय करियर
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल चुके हैं बॉश
30 वर्षीय बॉश दक्षिण अफ्रीका की टीम से 1 टेस्ट और 2 वनडे खेल चुके हैं।
उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सेंचुरियन में अपना इकलौता टेस्ट खेला, जिसमें बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 81 रन बनाए और दूसरी तरफ गेंदबाजी में 5 विकेट (दोनों पारियों को मिलाकर) लिए थे।
वह दक्षिण अफ्रीका से 2 वनडे भी खेल चुके हैं, जिसमें बल्लेबाजी में उन्होंने 55 रन और गेंदबाजी में 2 विकेट लिए हैं।
उन्होंने कोई टी-20 अंतरराष्ट्रीय नहीं खेला है।