LOADING...
पथुम निसांका ने खेली अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, ये बनाए रिकॉर्ड्स  
पथुम निसांका ने कमाल की पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@Cricketracker)

पथुम निसांका ने खेली अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी, ये बनाए रिकॉर्ड्स  

Dec 28, 2024
05:14 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने 90 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। कीवी टीम ने यह मैच 8 रन से जीत लिया। निसांका के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की यह सबसे बड़ी पारी है। इससे पहले उनका सबसे बड़ा स्कोर 79 रन था। निसांका ने इस पारी के दौरान कई रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए हैं।

पारी

ऐसी रही निसांका की पारी 

निसांका ने 60 गेंदों का सामना किया और 90 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 150 की रही। पहले विकेट के लिए कुसल मेंडिस के साथ इस खिलाड़ी ने 121 रन की साझेदारी निभाई। मेंडिस के आउट होने के बाद निसांका ने टीम को जीत दिलाने के आखिरी तक गए, लेकिन उन्हें अन्य किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। निसांका को मैट हेनरी ने आउट किया।

रिकॉर्ड

निसांका ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम 

न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 क्रिकेट में श्रीलंका के खिलाड़ी द्वारा बनाया गया यह सबसे बड़ा स्कोर है। निसांका ने एंजेलो मैथ्यूज और महेला जयवर्धने का रिकॉर्ड तोड़ा है। मैथ्यूज ने साल 2016 में कीवी टीम के खिलाफ 81* रन की पारी खेली थी। जयवर्धने ने साल 2010 में कीवी टीम के खिलाफ 81 रन बनाए थे। निसांका तिलकरत्ने दिलशान के बाद टी-20 अंतरराष्ट्रीय में घर से बाह 1,000 से ज्यादा गेंद खेलने वाले सिर्फ दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बने हैं।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है निसांका का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

न्यूजीलैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने दूसरा अर्धशतक लगाया है। उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ अब तक 7 मुकाबले खेले हैं और 195 रन बनाने में सफल रहे हैं। निसांका ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला मुकाबला साल 2021 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 60 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 59 पारियों में 30.05 की औसत और 120.21 की स्ट्राइक रेट से 1,683 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 14 अर्धशतक निकले हैं।

Advertisement

मुकाबला

कैसे जीता न्यूजीलैंड ने मुकाबला?

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और 65 रन तक न्यूजीलैंड के 5 बल्लेबाज पवेलियन में थे। यहां से डेरिल मिचेल (62) और माइकल ब्रेसवेल (59) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर तक ले गए। जवाब में निसांका (90) और कुशल मेंडिस (46) ने श्रीलंका को 121 रन की शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद उनके लगातार विकेट गिरे और वह मुकाबला हार गए।

Advertisement