सैंडपेपर गेट विवाद के बीच पैट कमिंस ही रहेंगे कप्तान, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जताया समर्थन
क्या है खबर?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 8 साल पुराने 'सैंडपेपर गेट' (बॉल टेंपरिंग) विवाद के फिर से गर्माने और कप्तानी पर उठ रहे सवालों के बीच शनिवार को स्पष्ट कर दिया कि पैट कमिंस ही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के कप्तान बने रहेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली आगामी 4 मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले CA के बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कमिंस के नेतृत्व पर पूर्ण और एकमत भरोसा जताया है। आइए पूरी खबर जानते हैं।
बयान
CA ने क्या दिया है बयान?
CA के अध्यक्ष डेविड बून और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टॉड ग्रीनबर्ग शुक्रवार को सिडनी पहुंचकर कमिंस से चर्चा की थी।
उसके बाद CA ने कहा, "2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम के दक्षिण अफ्रीका दौरे को लेकर चल रही अटकलों के मद्देनजर CA बोर्ड ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की अखंडता और सभी संबंधित लोगों के कल्याण के लिए उचित कदम उठाने के लिए विशेष बैठक बुलाई थी। बोर्ड ने कप्तान के रूप में कमिंस के प्रति अपना एकमत समर्थन व्यक्त किया है।"
मंच
स्वतंत्र मंच पर कमिंस का बयान
कमिंस ने बून और ग्रीनबर्ग से हुई बातचीत को महत्वपूर्ण बताते हुए विवाद सुलझाने के लिए CA द्वारा बनाए गए 'स्वतंत्र मंच' का 100 प्रतिशत समर्थन किया।
उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलियाई कप्तान होने के साथ एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी आती है। मैंने इसे कभी हल्के में नहीं लिया है और न ही कभी लूंगा। डेविड और टॉड के पास एक बहुत ही कठिन काम है। मैं मुझसे तथा 2018 के कई खिलाड़ियों से संपर्क करने के लिए उनकी सराहना करता हूं।"
पुष्टि
कमिंस ने की मंच में शामिल होने की पुष्टि
कमिंस ने आगे कहा, "मैं इस मंच (फोरम) का 100 प्रतिशत समर्थन करता हूं। मैं वहां मौजूद रहूंगा। मैंने जिन भी खिलाड़ियों और स्टाफ से बात की है, वे सभी वहां जाने और अपनी बात रखने के लिए बेहद उत्सुक हैं। वहां कई कठिन बातचीत होंगी, लेकिन यही समय की मांग है।"
उन्होंने आगे कहा, "इस प्रकरण के अलावा, अब से पर्थ में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करना ही मेरा मुख्य लक्ष्य और प्राथमिकता होगी।"
विवाद
कैसे फिर भड़का सैंडपेपर गेट विवाद?
इस नए विवाद की शुरुआत पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' से हुई, जिसमें उन्होंने दावा किया कि 2018 के केपटाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी पूरी टीम को थी। केवल डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को बलि का बकरा बनाया गया।
वार्नर ने भी इसका समर्थन किया, जबकि बैनक्रॉफ्ट ने भी दोहराया कि गेंदबाजों सहित पूरी टीम को इस साजिश की जानकारी थी। हालांकि, कमिंस ने इस दावे को खारिज किया है।