Page Loader
IPL 2025 में कैसा रहा SRH के कप्तान पैट कमिंस का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 
पैट कमिंस की गेंदबाजी अच्छी रही (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 में कैसा रहा SRH के कप्तान पैट कमिंस का प्रदर्शन? जानिए आंकड़े 

May 30, 2025
05:38 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की कप्तानी पैट कमिंस के हाथों में रही। टीम भले ही प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई, लेकिन कमिंस ने अपने नेतृत्व में कुछ मुकाबलों में अच्छी रणनीति और संयम दिखाया। बतौर गेंदबाज और कप्तान, उन्होंने जिम्मेदारी निभाने की पूरी कोशिश की। IPL 2024 में कमिंस के कप्तानी में ही SRH फाइनल में पहुंची थी। ऐसे में आइए IPL 2025 में उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

सफर

कमिंस की कप्तानी में ऐसा रहा SRH का सफर

SRH ने संस्करण की शुरुआत और अंत धमाकेदार अंदाज में किया, बीच में टीम ने लय खो दी। वह कुल 14 मैचों में से 6 में जीत दर्ज कर पाई और 7 में उसे हार मिली। एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकला। SRH ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ पहले मैच में IPL इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर (286/6) और आखिरी मैच में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर (278/3) बनाया। SRH ने 13 अंक (-0.241) के साथ सफर समाप्त किया।

विकेट

SRH के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज 

कमिंस IPL 2025 में SRH के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने गेंदबाजी में टीम के लिए अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 14 मैचों की 14 पारियों में 28.12 की औसत और 9.06 की इकॉनमी से 16 विकेट लिए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/19 विकेट का रहा। SRH के लिए उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ हर्षल पटेल ने लिए, जिन्होंने 13 मैचों में 26.87 की औसत से 16 विकेट झटके। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/28 विकेट का रहा।

कप्तान

कप्तान के तौर पर एक संस्करण में सबसे ज्यादा विकेट 

कमिंस एक संस्करण में बतौर कप्तान सर्वाधिक विकेट (16) चटकाने वाले खिलाड़ियों में चौथे स्थान पर आ गए हैं। सूची में पहले स्थान पर शेन वॉर्न हैं। उन्होंने IPL 2008 में 19 विकेट अपने नाम किए थे। दूसरे स्थान पर भी कमिंस ही हैं। उन्होंने IPL 2024 में 16 मैचों में 31.44 की औसत और 9.27 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट झटके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 43 रन देकर 3 विकेट लेना रहा था।

करियर

ऐसा रहा है कमिंस का IPL करियर

कमिंस ने पहला IPL मुकाबला साल 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेला था। उन्होंने 72 मैचों की 72 पारियों में 30.03 की औसत से 79 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.80 की रही है। उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया है और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/34 विकेट का रहा है। SRH और KKR के अलावा कमिंस दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए भी IPL में खेल चुके हैं।