जानिए क्यों पैट कमिंस को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दिया लगभग 82 करोड़ रुपये का ऑफर
क्या है खबर?
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने अपनी टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान पैट कमिंस को नया और बेहद आकर्षक अनुबंध ऑफर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके तहत कमिंस को साल 2029 तक 1.2 करोड़ ऑस्ट्रेलियन डॉलर (लगभग 82 करोड़ रुपये) मिलेंगे। अगर कमिंस इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं तो उनकी सालाना आय में करीब 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 6.83 करोड़ रुपये) का इजाफा होगा। ऐसे में आइए पूरी खबर पर एक नजर डाल लेते हैं।
ऑफर
क्यों दिया गया कमिंस को ये ऑफर?
यह ऑफर फ्रेंचाइजी क्रिकेट की बढ़ती आर्थिक ताकत को देखते हुए दिया गया है। पिछले साल कमिंस और ट्रेविस हेड को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट छोड़कर दुनियाभर की फ्रेंचाइजी में खेलने के लिए करीब 1 करोड़ डॉलर (लगभग 68.07 करोड़ रुपये) का ऑफर मिला था। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने को प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव को ठुकरा दिया। फिलहाल CA बोनस और अन्य भत्तों से पहले सालाना 10 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 6.83 करोड़ रुपये) देता है।
पैसा
36 साल की उम्र तक कमिंस को टीम से जोड़े रखना चाहता है ऑस्ट्रेलिया
रिपोर्ट के अनुसार, कमिंस के लिए प्रस्तावित नए अनुबंध में उन्हें ज्यादा वित्तीय सुरक्षा दी जाएगी, चाहे वह कितने भी मैच खेलें। यह लंबी अवधि का करार कमिंस को 36 साल की उम्र तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट से जोड़े रखेगा। हाल के वर्षों में चोटों की समस्या और पीठ की चोट के कारण लगभग पूरे एशेज सीरीज से बाहर रहने के बावजूद, यह नया कॉन्ट्रैक्ट आने वाले वर्षों में कमिंस को मजबूत आर्थिक स्थिरता प्रदान कर सकता है।
खिलाड़ी
इन खिलाड़ियों से भी हो रची बातचीत
कमिंस को अगले 3 वर्षों तक हर साल करीब 40 लाख डॉलर (27.36 करोड़ रुपये) मिल सकते हैं। सिर्फ कमिंस ही नहीं, बल्कि ट्रेविस हेड और मार्नस लाबुशेन के साथ भी इसी तरह के समझौते पर बातचीत चल रही है। इस बारे में CA के हेड जेम्स ऑलसॉप ने कहा, "इन स्टार खिलाड़ियों ने लंबे समय तक ऑस्ट्रेलिया के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वे बेहतर भुगतान और लंबे समय की सुरक्षा के हकदार हैं।"