LOADING...
पेरिस पैरालंपिक 2024: सरकार ने भारतीय पदक विजेताओं के लिए की इनामी राशि की घोषणा
सरकार ने पेरस पैरालंपिक पदक विजेताओं के लिए की इनाम की घोषणा

पेरिस पैरालंपिक 2024: सरकार ने भारतीय पदक विजेताओं के लिए की इनामी राशि की घोषणा

Sep 10, 2024
08:45 pm

क्या है खबर?

पेरिस पैरालंपिक 2024 का समापन हो चुका है। इसमें भारतीय खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। भारतीय दल ने इस पैरालंपिक में कुल 29 पदक अपने नाम किए और पैरालंपिक इतिहास का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके बाद अब सरकार ने भी आगे बढ़ते हुए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए इनामी राशि की घोषणा की है। इसके तहत पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 75 लाख रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

घोषणा

खेल मंत्री मांडविया ने की इनामी राशि की घोषणा

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पैरालंपिक के पदक विजेताओं के सम्मान में मंगलवार को आयोजित एक समारोह में इनामी राशि की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वर्ण पदक विजेताओं को 75 लाख, रजत पदक विजेताओं को 50 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 30 लाख रुपये देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि तीरंदाज शीतल देवी की तरह मिश्रित टीम स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 22.5 लाख रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।

बयान

पैरा खिलाड़ियों को उपलब्ध कराएंगे सभी सुविधाएं- मांडविया

मांडविया ने समारोह में कहा, "देश पैरालंपिक और पैरा खेलों में आगे बढ़ रहा है। 2016 के 4 पदकों से आगे बढ़ते हुए भारत ने टोक्यो में 19 और पेरिस में 29 पदक जीते और 18वें स्थान पर रहा। हम अपने सभी पैरा खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं प्रदान करेंगे ताकि हम 2028 लॉस एंजेलिस पैरालंपिक में और अधिक पदक तथा स्वर्ण पदक जीत सकें।" उन्होंने कहा, "2028 लॉस एंजेलिस पैरालंपिक के लिए खिलाड़ियों को पूर्ण समर्थन और सुविधाएं दी जाएंगी।"

जानकारी

भारत की पेरिस पैरालंपिक में जीते 29 पदक

भारत पेरिस पैरालंपिक 7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य के साथ कुल 29 पद जीत और 18वां स्थान हासिल किया। यह पैरालंपिक के इतिहास में देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले भारत ने टोक्यो पैरालंपिक में 19 पदक अपने नाम किए थे।