Page Loader
पेरिस पैरालंपिक 2024:अवनि लेखरा ने निशानेबाजी में स्वर्ण पदक पर लगाया निशाना, मोना ने जीता कांस्य
अवनि लेखरा ने जीता र्स्वण पदक (तस्वीर: एक्स/@OlympicKhel)

पेरिस पैरालंपिक 2024:अवनि लेखरा ने निशानेबाजी में स्वर्ण पदक पर लगाया निशाना, मोना ने जीता कांस्य

Aug 30, 2024
04:03 pm

क्या है खबर?

पेरिस पैरालंपिक 2024 में शुक्रवार को भारत के पदकों का खाता खुल गया है। पैरा निशानेबाज अवनि लेखरा ने 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इसी स्पर्धा में भारत की मोना अग्रवाल ने भी कांस्य पदक पर कब्जा जमाया है। बता दें, अवनि ने टोक्यो पैरालंपिक में भी भारत को एक स्वर्ण पदक समेत दो पदक दिलाए थे। ऐसे में वह दो स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली पैरा निशानेबाज बन गई हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें वीडियो

प्रदर्शन

कैसा रहा अवनि और मोना का प्रदर्शन?

मुकाबले में अवनि ने 249.7 का स्कोर बनाया और अपने ही पैरालंपिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया। उन्होंने टोक्यो पैरालंपिक में 249.6 का स्कोर किया था। इसी तरह मोना ने 228.7 का स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। दक्षिण कोरिया की युनरी ली ने 246.8 का स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। एक समय मोना शीर्ष पर पहुंच गई थीं, लेकिन इसके बाद कोरियाई निशानेबाज ने वापसी करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।

वापसी

अवनि ने की जबरदस्त वापसी

एक समय अवनि तीसरे स्थान पर खिसक गई थीं, लेकिन उसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की। 21 शॉट्स के बाद अवनि और युनरी का स्कोर बराबर था और कोरियाई निशानेबाज शीर्ष पर थीं। 23वां शॉट अवनि ने 9.9 का और युनरी ने 10.7 का लगाया। 24वें और आखिरी शॉट में अवनि ने 10.5 का स्कोर बनाया, जबकि युनरी ने 6.8 का स्कोर ही बना पाईं। इस तरह अवनि ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

रिकॉर्ड

अवनि ने रचा इतिहास

इस स्वर्ण पदक के साथ अवनि ने इतिहास रच दिया। वह लगातार 2 पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली पैरा भारतीय निशानेबाज बनी हैं। आज तक कोई अन्य भारतीय ऐसा नहीं कर पाया है। इसी तरह वह पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी भी हैं। टोक्या ओलंपिक में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। वह पैरालंपिक खेलों में एक से ज्यादा पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला भी है।