पेरिस ओलंपिक 2024: भारतीय दल में शामिल ये एथलीट पहले भी जीत चुके हैं ओलंपिक पदक
क्या है खबर?
पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज शुक्रवार (26 जुलाई) से हो रहा है। इसमें 208 देशों के 10,714 एथलीटों कुल 5,084 पदकों के लिए मुकाबला करेंगे।
इस बार भारत की ओर से ओलंपिक में 117 एथलीटों का दल गया है, जिनमें से 70 एथलीट पहली बार ओलंपिक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इसी तरह 47 अन्य एथलीट पहले भी ओलंपिक में हिस्सा ले चुके हैं।
आइए जानते हैं मौजूदा दल में शामिल कौन-से एलथीट पहले भी ओलंपिक पदक जीत चुके हैं।
पदक
इन खिलाड़ियों ने जीते हैं व्यक्तिगत पदक
भारत ने ओलंपिक में कुल 35 पदक जीते हैं। इनमें 10 स्वर्ण, 9 रजत और 16 कांस्य पदक शामिल हैं।
मौजूदा भारतीय ओलंपिक दल में शामिल जैवलिन थ्रोअर (भाला फेंक) नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
इसी तरह महीला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने रजत, बेडमिंटन स्टार पीवी सिंधू और महिला बॉक्सर लवलीना बोरेगोहेन ने कांस्य पदक जीते थे।
बता दें कि सिंधू ने रियो ओलंपिक 2016 में रजत पदक भी जीता था।
हॉकी
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जीता था कांस्य
टीम स्पर्धा में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया था। ऐसे में वह इस बार फिर से पदक जीतने के इदारे से उतरेगी।
बता दें कि ओलंपिक में भारत के लिए सबसे ज्यादा 12 पदक (स्वर्ण-8, रजत-1 और कांस्य-3) पदक हॉकी टीम ने ही जीते हैं।
भारतीय हॉकी दल ने 1928 से 1956 के बीच ओलंपिक में लगातार 6 स्वर्ण पदक जीतकर कीर्तिमान भी स्थापित किया था।