Page Loader
IPL में ऐसा रहा है पंत और अय्यर का प्रदर्शन, आंकड़ों में जानिए तुलना ​​

IPL में ऐसा रहा है पंत और अय्यर का प्रदर्शन, आंकड़ों में जानिए तुलना ​​

Mar 31, 2021
08:30 pm

क्या है खबर?

युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। उन्हें श्रेयस अय्यर की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो चोट के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं। बता दें 23 वर्षीय पंत पहली बार IPL में कप्तान की भूमिका में नजर आने वाले हैं। इस बीच पंत और अय्यर के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

करियर

शानदार है पंत का IPL करियर

पंत ने अपने अब तक के IPL करियर में 68 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 35 की औसत से 2,079 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 12 अर्धशतक भी लगाए हैं। साल 2016 में अपना IPL डेब्यू करने वाले पंत ने अब तक दिल्ली की ओर से 100 से ज्यादा छक्के लगा लिए हैं। वहीं विकेटकीपिंग में अब तक उन्होंने कुल 54 शिकार किए हैं।

करियर

ऐसा है अय्यर का IPL करियर

श्रेयस अय्यर को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने IPL 2015 में अपने साथ शामिल किया था। उन्होंने अब तक 79 IPL मैचों में 31.42 की औसत से 2,200 रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 96 रन रहा है। ​अपने IPL करियर में अय्यर ने अब तक कोई शतक नहीं लगाया है। हालांकि, वह 16 अर्धशतक लगा चुके हैं। ​इसके अलावा अय्यर ने 189 चौके और 83 छक्के भी लगाए हैं।

IPL 2020

अय्यर की कप्तानी में पहली बार फाइनल में पहुंची थी दिल्ली

अय्यर को IPL 2018 के बीच सीजन में कप्तानी सौंपी गई थी। उनकी कप्तानी में पिछले सीजन में DC की टीम उपविजेता रही थी। IPL में अय्यर की कप्तानी की बात करें तो अब तक उन्होंने 41 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से उन्हें 23 में जीत और 18 में हार का सामना करना पड़ा है। बता दें IPL 2020 में उनकी कप्तानी में टीम ने 17 में से नौ मैच जीते थे।

IPL 2021

कप्तानी में पंत लिख सकते हैं नया इतिहास

अप्रैल 2018 में अय्यर IPL में DC के सबसे युवा कप्तान बने थे। तीन साल बाद अब 23 वर्षीय पंत DC के दूसरे सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। अब तक दिल्ली की टीम IPL का ख़िताब नहीं जीत सकी है। ऐसे में युवा पंत के पास इतिहास लिखने का मौका होगा। अगर इस सीजन में पंत की कप्तानी में DC चैंपियन बनती है तो वह ट्रॉफी जीतने वाले सबसे युवा कप्तान भी बन जाएंगे।

जानकारी

अय्यर और पंत दोनों बन चुके हैं इमर्जिंग प्लेयर

अय्यर ने IPL 2015 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 439 रन बनाए थे, जिसके लिए उन्हें इमर्जिंग प्लेयर चुना गया था। ऋषभ पंत ने IPL 2018 में 684 रन बनाए और उन्हें भी इमर्जिंग प्लेयर चुना गया था।

रिकार्ड्स

इस बार कुछ रिकार्ड्स बना सकते हैं पंत

बाएं हाथ के बल्लेबाज पंत आगामी IPL सीजन में कुछ रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। ​युवा बल्लेबाज पंत (2,079) रन बनाने के मामले में वीरेंद्र सहवाग (2,174) और अय्यर (2,200) को पीछे छोड़कर DC के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। ​दूसरी तरफ पंत ने अब तक बतौर विकेटकीपर 54 शिकार किए हैं। ऐसे में वह एडम गिलक्रिस्ट (67 शिकार) को पीछे छोड़ सकते हैं।