पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद नवाज ने मानी डोपिंग नियमों के उल्लंघन की बात, ICC ने सुनाया फैसला
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज को इस साल की शुरुआत में प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाया गया था। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 महीने का प्रतिबंध लगाया, जो कि 1 मई से शुरू हो गया था। हालांकि, ICC के नियमों के तहत वह जल्द ही क्रिकेट के मैदान पर वापसी करने लिए उपलब्ध होंगे। आइए इस मामले को विस्तार से समझते हैं।
डोपिंग
टी-20 विश्व कप 2026 में लिया गया था परीक्षण
श्रीलंका के कोलंबो में टी-20 विश्व कप 2026 में नवाज का टेस्ट किया गया था।
32 वर्षीय ये खिलाड़ी ICC एंटी-डोपिंग कोड के तहत एक प्रतिबंधित पदार्थ (कार्बोक्सी-THC) के लिए पॉजिटिव पाया गया था।
इन सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए ICC ने निलंबन 1 मई, 2026 से प्रभावी कर दिया था।
इस हिसाब से वह पहले ही लगभग ढाई महीने की अस्थायी निलंबन अवधि पूरी कर चुके हैं।
प्रतिबंध
क्यों नवाज को पूरा नहीं झेलना पड़ेगा प्रतिबंध?
नवाज ने एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन को स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने इस पदार्थ का सेवन प्रतियोगिता के बाहर किया था और इसका उद्देश्य खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाना नहीं था।
ICC के एंटी-डोपिंग नियमों के मुताबिक, यदि कोई खिलाड़ी नशीले पदार्थों से उबरने का निर्धारित उपचार कार्यक्रम पूरा कर लेता है, तो उसकी अयोग्यता की अवधि 3 महीने से घटकर एक महीने रह सकती है।
नवाज इस कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमत हो गए हैं।
मामला
अन्य डोपिंग मामलों से क्यों अलग है नवाज का मामला?
नवाज का मामला उन डोपिंग मामलों से अलग है, जिनमें प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं के इस्तेमाल का आरोप होता है।
ICC ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह मामला 'सब्स्टेंस ऑफ एब्यूस' से जुड़ा है।
सरल शब्दों में इस प्रतिबंधित पदार्थ का इस्तेमाल आमतौर पर नशे के लिए किया जाता है, न कि खेल में फायदा उठाने के लिए।
इसलिए नियमों के तहत खिलाड़ी को उपचार कार्यक्रम पूरा करने का मौका दिया गया है।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में सभी मैचों में खेले थे नवाज
टी-20 विश्व कप 2026 में नवाज ने 7 मैच खेले थे, जिसमें बल्लेबाजी में उन्होंने कुल 15 रन बनाए थे।
दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 7 विकेट लिए थे। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से 98 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 133.38 की स्ट्राइक रेट से 911 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 101 विकेट लिए हैं।
इसके अलावा उन्होंने 6 टेस्ट और 44 वनडे में भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया है।