Loading...
पाकिस्तान ने WCL से वापस लिया नाम, भारतीय खिलाड़ियों को लेकर PCB की शर्त बनी कारण
पाकिस्तान ने WCL से नाम वापस ले लिया है

पाकिस्तान ने WCL से वापस लिया नाम, भारतीय खिलाड़ियों को लेकर PCB की शर्त बनी कारण

Oct 05, 2026
06:52 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान चैंपियंस की टीम ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) के आगामी सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है। यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा खिलाड़ियों को अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) देने से इनकार करने के बाद लिया गया है। PCB चाहता था कि भारतीय खिलाड़ी पिछले साल के विवाद के लिए लिखित में माफी मांगें, जिसे लीग प्रबंधन ने मानने से इनकार कर दिया। ऐसे में 10 अक्टूबर को होने वाला भारत-पाकिस्तान मैच रद्द हो गया है।

शर्त

PCB ने क्या रखी शर्त?

HT के अनुसार, PCB 2025 में एजबेस्टन में हुए पहले सीजन के फाइनल के बाद एक वीडियो पर उपजे विवाद से नाराज था।

इस साल टीम भेजने के लिए PCB ने WCL प्रबंधन से कहा, "PCB चाहता था कि टूर्नामेंट के आयोजक यह सुनिश्चित करें कि भारतीय खिलाड़ी पिछले साल के विवाद के लिए लिखित माफी मांगें। चूंकि, हमारी इस मांग को स्वीकार नहीं किया गया, इसलिए हमने टूर्नामेंट के लिए NOC जारी नहीं करने का फैसला किया है।"

रुख

PCB की मांग पर क्या रहा WCL प्रबंधन का रुख?

PCB की मांग को WCL प्रबंधन ने मानने से इनकार कर दिया।

प्रबंधन ने कहा, "टूर्नामेंट प्रबंधन के लिए किसी भी बोर्ड की ऐसी अनुचित और बाहरी शर्तों को स्वीकार करना बिल्कुल संभव नहीं था। हम खेल और खिलाड़ियों के सम्मान का पूरा ध्यान रखते हैं, लेकिन क्रिकेट से इतर किसी एजेंडे के दबाव में नहीं आ सकते। पाकिस्तान चैंपियंस के हटने के बाद अब हम इस सीजन को नए शेड्यूल और बची हुई 5 टीमों के साथ आगे बढ़ाएंगे।"

ADVERTISEMENT

मुकाबला

रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला

इस सीजन के शेड्यूल के अनुसार, 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के पूर्व दिग्गजों के बीच इंग्लैंड में एक ब्लॉकबस्टर मुकाबला खेला जाना था।

टिकटों की भारी बिक्री हो चुकी थी, लेकिन पाकिस्तान के हटने से अब यह मैच नहीं होगा। इससे दर्शकों को वित्तीय नुकसान झेलना पड़ेगा।

अब इस लीग में केवल 5 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसमें इंडिया चैंपियंस, ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस, इंग्लैंड चैंपियंस, वेस्टइंडीज चैंपियंस और दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस शामिल है।

ADVERTISEMENT

विवाद

पिछले संस्करण में क्या हुआ था विवाद?

पिछले साल हुए WCL फाइनल में इंडिया चैंपियंस ने पाकिस्तान चैंपियंस को हराकर खिताब जीता था।

मैच के बाद भारतीय टीम के युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सुरेश रैना जैसे पूर्व खिलाड़ी प्रसिद्ध टिकटॉक ट्रेंड 'तौबा तौबा' गाने की धुन पर लंगड़ाते हुए चलते नजर आ रहे थे।

इसे पाकिस्तानी प्रशंसक और PCB ने यूनिस खान, शाहिद अफरीदी और मिसबाह-उल-हक जैसे बुजुर्ग खिलाड़ियों का अपमान माना था और इसी को लेकर यह सारा विवाद खड़ा हुआ है।

ADVERTISEMENT