पाकिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया: वनडे सीरीज की टीमें, शेडयूल और अन्य सभी जानकारी
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच 30 मई से वनडे सीरीज खेली जानी है। 3 मैचों की इस सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी टीम घोषित की है। शाहीन अफरीदी टीम की कप्तानी करेंगे। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को वनडे टीम से बाहर किया गया है। इस बीच वनडे सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और अन्य सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
पाकिस्तान
बाबर आजम की हुई वापसी
बाबर आजम, शादाब खान, नसीम शाह, और हारिस रऊफ की टीम में वापसी हुई है। ये खिलाड़ी बांग्लादेश के खिलाफ पिछली सीरीज में नहीं खेले थे। पाकिस्तान की वनडे टीम: शाहीन अफरीदी (कप्तान), सलमान अली आगा (उपकप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अहमद दानियाल, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, हारिस रऊफ, माज सदाकत, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), रोहेल नजीर (विकेटकीपर), नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, शादाब खान, शमील हुसैन और सुफयान मुकिम ,
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख खिलाड़ी नहीं लेंगे हिस्सा
ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क पाकिस्तान के दौरे के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ये तीनों प्रमुख तेज गेंदबाज फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खेल रहे हैं। वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), एलेक्स कैरी, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिश, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, रिले मेरेडिथ, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट, बिली स्टैनलेक और एडम जैम्पा।
जानकारी
ऐसा है वनडे सीरीज का कार्यक्रम
सीरीज का पहला वनडे 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज का दूसरा और तीसरा मैच क्रमशः 2 और 4 जून को खेला जाएगा। आखिरी 2 मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जाएंगे।
हेड-टू-हेड
ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा रहा है भारी
वनडे में दोनों टीमों की भिड़ंत में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी रहा है। अब तक 50 ओवर प्रारूप में ये दोनों टीमें कुल 111 मैचों में आमने-सामने हुई हैं, जिसमें से 71 मैच ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं और 36 मुकाबलों में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की है। इस बीच एक मैच टाई और 3 मैच बेनतीजा रहे हैं। पाकिस्तान ने अपने घर पर खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया को 6 मैचों में हराया है और 7 में हार झेली है।