अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट: पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड जीतना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है, क्योंकि इसके लिए पूरी सीरीज में लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होता है। पाकिस्तान क्रिकेट टीम में भी कई दिग्गजों ने बल्ले और गेंद से अपना दबदबा कायम करते हुए यह सम्मान हासिल किया है। ऐसे में आइए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।
#1
इमरान खान, वसीम अकरम और बाबर आजम (10-10 बार)
पहले स्थान पर संयुक्त रूप से पाकिस्तान के 3 खिलाड़ी मौजूद हैं। इमरान खान, वसीम अकरम और बाबर आजम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10-10 बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड अपने नाम किया है।
इमरान ने 1971 से 1992 के बीच पाकिस्तान के लिए 263 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे। वहीं, वसीम ने 1984 से 2003 तक 460 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा लिया था।
बाबर ने 352 मुकाबलों के बाद इन दोनों दिग्गजों की बराबरी कर ली है।
#2
वकार यूनुस और मोहम्मद हफीज (9-9 बार)
इस सूची में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के 2 खिलाड़ी संयुक्त रूप से मौजूद हैं।
पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनुस और मोहम्मद हफीज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 9-9 बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड अपने नाम किया है।
वकार ने 1989 से 2003 के बीच पाकिस्तान के लिए 349 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे औ9 बार यह खास उपलब्धि हासिल की थी।
वहीं, हफीज ने 2003 से 2021 तक 392 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा लेकर 9 बार यह सम्मान जीता।
#3
शोएब मलिक (8 बार)
तीसरे स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व स्टार खिलाड़ी शोएब मलिक हैं।
उन्होंने 1999 में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2021 में पाकिस्तान के लिए खेले थे।
वह 446 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 152 सीरीज का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने 8 बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब अपने नाम किया।
इस खिलाड़ी ने 5 बार वनडे क्रिकेट में और 3 बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में ये अवार्ड अपने नाम किए थे।
#4
शाहिद अफरीदी (7 बार)
चौथे स्थान पर पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी हैं।
उन्होंने 1996 में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह 2018 में खेलते हुए नजर आए थे।
इस खिलाड़ी ने 524 मुकाबले खेले थे। इस दौरान वह 164 सीरीज का हिस्सा रहे थे।
अफरीदी ने 7 बार 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने 4 बार वनडे क्रिकेट और 3 बार टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ये उपलब्धि हासिल की थी।