पाकिस्तान में होने वाली वनडे त्रिकोणीय सीरीज रद्द होने की कगार पर, जानिए कारण
क्या है खबर?
पाकिस्तान में जनवरी 2027 में प्रस्तावित वनडे त्रिकोणीय सीरीज रद्द होने की कगार पर है। जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम इसमें शामिल नहीं होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, व्यावसायिक कारणों से जिम्बाब्वे की भागीदारी नहीं हो पाएगी और दोनों पक्ष किसी दूसरे समय सीरीज आयोजित करेंगे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम, आयरलैंड और जिम्बाब्वे के बीच होने वाली यह सीरीज अब पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच द्विपक्षीय सफेद गेंद सीरीज तक सीमित हो सकती है। आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच भी नहीं होगा।
आयरलैंड
क्रिकेट आयरलैंड ने क्या कहा?
क्रिकेट आयरलैंड के प्रवक्ता ने ईएसपीएन क्रिकइन्फो को बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और आयरलैंड फिलहाल दौरे के संशोधित कार्यक्रम पर काम कर रहे हैं और जल्द ही इसकी जानकारी साझा की जाएगी।
दोनों पक्ष पहले इस दौरे को लेकर सक्रिय रूप से चर्चा कर रहे थे, जिसमें एकमात्र टेस्ट मैच भी शामिल था।
हालांकि, अब इस टेस्ट के आयोजित होने की संभावना काफी कम है। दौरे के नए कार्यक्रम को लेकर जल्द तस्वीर साफ हो सकती है।
इच्छा
पाकिस्तान ज्यादा वनडे मुकाबला खेलना चाहती है
पाकिस्तान वनडे विश्व कप 2027 को देखते हुए ज्यादा से ज्यादा 50 ओवर के क्रिकेट खेलने की अपनी इच्छा साफ कर दी है।
टीम अगले महीने श्रीलंका और इंग्लैंड के साथ त्रिकोणीय सीरीज की मेजबानी करेगी।
इसके अलावा बांग्लादेश में 5 वनडे मैचों की सीरीज की योजना भी बन रही है। वहीं, अगले साल गर्मियों में इंग्लैंड के खिलाफ 5 वनडे मैचों की सीरीज भी तय हो चुकी है।
ऐसे में पाकिस्तान का वनडे कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है।
आयरलैंड
आयरलैंड फरवरी में विश्व कप क्वालीफायर खेलेगा
आयरलैंड फरवरी में विश्व कप क्वालीफायर खेलेगा, जहां उसका लक्ष्य मुख्य टूर्नामेंट में जगह पक्की करना होगा।
2027 का वनडे विश्व कप अक्टूबर-नवंबर में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में आयोजित होना है।
ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ प्रस्तावित वनडे मुकाबले आयरलैंड के लिए विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम होंगे।
इन मैचों से टीम को अपनी तैयारियों को परखने और खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट के लिए तैयार करने का मौका मिलेगा।
जिम्बाब्वे
जिम्बाब्वे सह-मेजबान होने के कारण विश्व कप में जगह पक्की कर चुकी है
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने सह-मेजबान होने के कारण विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है।
वहीं, मेजबान होने के बावजूद नामीबिया को स्वतः क्वालीफिकेशन नहीं मिलेगा क्योंकि वह ICC की पूर्ण सदस्य टीम नहीं है।
इसके अलावा 8 टीमें 30 सितंबर 2026 की वनडे रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालीफाई करेंगी।
इस समय भारत वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर है। विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 10 को सीधे प्रवेश मिलेगा।