पाकिस्तान ने पहले वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने 3 वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 पर बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में पाकिस्तान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली। आइए इस मुकाबले में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
पाकिस्तान ने इस तरह दर्ज की जीत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कंगारू टीम मैथ्यू शॉर्ट (55) और मैट रेनशॉ (61) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 44.1 ओवर में 200 रन बनाकर ढेर हो गई थी। पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास ने सर्वाधिक 5 विकेट अपने नाम किए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने बाबर आजम (69) और गाजी घोरी (65) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 42.3 ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
बल्लेबाजी
पाकिस्तान के लिए बाबर और गाजी ने जड़े अर्धशतक
पाकिस्तान के लिए 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर और घोरी ने शानदार अर्धशतीय पारियां खेली। बाबर ने 94 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 69 रन बनाए। यह उनके वनडे करियर का 39वां और ऑस्ट्रेलिया टीम के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा। इसी तरह घोरी का यह पहला ही वनडे अर्धशतक रहा। वह 92 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 65 रन बनाकर आउट हुए।
बल्लेबाजी
शॉर्ट ने पाकिस्तान के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक
मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज शार्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का चौथा और पाकिस्तान टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा। वह अब तक 19 मैचों की 17 पारियों में 24.50 की औसत और 89.94 की स्ट्राइक रेट से 447 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 4 अर्धशतक शामिल है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 74 रन का रहा है। उन्हाेंने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।
अर्धशतक
रेनशॉ ने जड़ा दूसरा वनडे अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया के लिए ऑलराउंडर रेनशॉ ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का दूसरा और पाकिस्तान के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा। वह 63 गेंदों में 5 चौके और 1 छक्के की मदद से 61 रन बनाकर अबरार अहमद का शिकार बने। वह अब तक 4 मैचों की 4 पारियों में 56 की औसत और 96 की स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इसी मैच में आया है।
गेंदबाजी
अराफात ने डेब्यू वनडे में झटका 5 विकेट हॉल
पाकिस्तान के लिए अराफात ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने डेब्यू मैच में 5 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने कंगारू टीम को 62 रन के स्कोर पर जोश इंग्लिश (13) के रूप में दूसरा झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने मार्नस लाबुशेन (0), कैमरून ग्रीन (0), मैथ्यू शॉर्ट (55) और नाथन एलिस (8) को भी पवेलियन लौटाया। उन्होंने 10 ओवर में 1 मेडन के साथ 32 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।
रिकॉर्ड
डेब्यू वनडे में 5 विकेट लेने वाले पहले पाकिस्तानी
इस प्रदर्शन के साथ अराफात के नाम बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह अपने डेब्यू वनडे मैच में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले पाकिस्तानी गेंदबाज बने हैं। कुल मिलाकर वह ऐसा करने वाले 16वें गेंदबाज हैं। डेब्यू वनडे में सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के गेंदबाज चार्ली कैसल के नाम दर्ज, जिन्होंने 7/21 के आंकड़े दर्ज किए थे। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 6/16 के आंकड़े बनाए थे।