LOADING...
ओवल टेस्ट: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 253 रन से हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी
न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 253 रन से हरा दिया

ओवल टेस्ट: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 253 रन से हराया, सीरीज में हासिल की बराबरी

Jun 21, 2026
04:32 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने सीरीज के दूसरे ओवल टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 253 रन के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज कर ली। इसके साथ ही मेहमान टीम में सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली है। दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड की टीम 463 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी दूसरी पारी में 5वें दिन 209 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

न्यूजीलैंड ने इस तरह दर्ज की जीत

न्यूजीलैंड ने पहली पारी में ग्लेन फिलिप्स (100) के शतक से 391 रन का स्कोर बनाया था। इसके बाद इंग्लैंड ने पहली पारी में मैट हेनरी की घातक गेंदबाजी (5/80) के सामने 291 रन बनाए। पहली पारी के आधार पर बढ़त लेने वाली मेहमान टीम ने अपनी दूसरी पारी में हेनरी निकोल्स (121) के शतक से 362 रन का स्कोर खड़ा किया। आखिर में जीत के लिए मिले 463 रन के लक्ष्य को इंग्लिश टीम हासिल नहीं कर सकी।

गेंदबाजी

हेनरी ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में चटकाए 6 विकेट

न्यूजीलैंड के इंग्लैंड की दूसरी पारी में भी हेनरी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने पहली पारी में भी 5 विकेट चटकाए थे। हेनरी ने जो रूट (77), हैरी ब्रूक (58), जोर्डन कॉक्स (25), जोफ्रा आर्चर, मैथ्यू फिशर (0) और जोश टंग (0) को अपना शिकार बनाया। उन्होंने अपने पारी में 18.1 ओवर गेंदबाजी की और 6 मेडन के साथ महज 29 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।

Advertisement

रिकॉर्ड

इंग्लैंड में टेस्ट की दोनों पारियों में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले कीवी गेंदबाज

हेनरी अब इंग्लैंड में टेस्ट की दोनों पारियों में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले कीवी गेंदबाज बने हैं। उन्होंने मैच में कुल 11 विकेट (पहली पारी में 5/80 और दूसरी पारी में 6/29) चटकाए। यह इंग्लैंड में किसी किसी कीवी गेंदबाज द्वारा किया गया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। हेनरी ने अपने टेस्ट करियर में पहली बार किसी मैच में 10 विकेट चटकाने का कारनामा किया है। इस दौरान उन्होंने अपने 150 टेस्ट विकेट भी पूरे कर लिए।

Advertisement

बल्लेबाजी

ब्रूक और रूट ने लगाए अर्धशतक

इंग्लैंड की दूसरी पारी में ब्रूक ने अपने टेस्ट करियर का 17वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाए। वह 54 गेंदों में 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जो रूट ने भी अपने करियर का 67वां अर्धशतक जड़ा। उन्होंने ब्रूक के साथ चौथे विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। वह 145 गेंदों में 8 चौकों से 77 रन बनाकर आउट हुए।

उपलब्धि

रूट ने पूरे किए अपने 14,000 टेस्ट रन

इंग्लैंड की दूसरी पारी में खेली गई संघर्षपूर्ण पारी के दौरान रूट ने अपने टेस्ट क्रिकेट में 1,4000 रन भी पूरे किए। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में इस आंकड़े को छूने वाले सिर्फ दूसरे ही बल्लेबाज बने। उनसे पहले सिर्फ सचिन तेंदुलकर (15,921) ही यह कारनामा कर पाए हैं। इस दौरान रूट ने टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2,000 रन भी पूरे किए। वह कीवी टीम के खिलाफ ये आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बने हैं।

शतक

फिलिप्स ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया

न्यूजीलैंड की पहली पारी में ग्लेन फिलिप्स ने 135 गेंदों में 18 चौकों की मदद से 100 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक रहा, जिसे उन्होंने 133 गेंदों में पूरा किया। जैमीसन (41) के साथ 8वें विकेट के लिए उन्होंने 87 रनों की साझेदारी निभाई। वह सभी प्रारूप में न्यूजीलैंड के लिए शतक लगाने वाला सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं। वह 19 टेस्ट खेल चुके हैं और इसकी 33 पारियों में 956 रन बनाने में सफल रहे हैं।

उपलब्धि

फिलिप्स ने हासिल की ये उपलब्धि

इस शतक के साथ फिलिप्स के नाम खास उपलब्धि भी दर्ज हो गई। वह इंग्लैंड में नंबर-7 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ने वाले चौथे कीवी बल्लेबाज बने हैं। सबसे पहले यह कारनामा विक पोलार्ड ने किया था, जिन्होंने 1973 में लॉर्ड्स टेस्ट में शतक जड़ा था। इस सूची में न्यूजीलैंड के ही पूर्व दिग्गज जॉन ब्रेसवेल (नॉटिंघम, 1986) दूसरे और जैकब ओरम (लॉर्ड्स, 2008) तीसरे पायदान पर मौजूद हैं।

शतक

निकोल्स ने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाया

न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में निकोल्स नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 164 गेंदों का सामना किया और 119 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके बल्ले से 16 चौके निकले और उनकी स्ट्राइक रेट 72.56 की रही। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां और इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा शतक रहा। इंग्लैंड की धरती पर उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला शतक जड़ा। उन्होंने रचिन रविंद्र (76) के साथ 201 गेंदों में 161 रन की साझेदारी निभाकर टीम को मजबूती दी थी।

Advertisement