LOADING...
ओवल टेस्ट: मैट हेनरी ने पहली बार मैच में चटकाए 11 विकेट, ये बनाए रिकॉर्ड्स
मैट हेनरी ने पहली बार मैच में चटकाए 11 विकेट

ओवल टेस्ट: मैट हेनरी ने पहली बार मैच में चटकाए 11 विकेट, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Jun 21, 2026
05:42 pm

क्या है खबर?

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ ओवल में खेले गए टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में घातक गेंदबाजी करते हुए पहली बार 11 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी में 5 विकेट चटकाने के बाद उसकी दूसरी पारी में भी 6 विकेट झटके। इस प्रदर्शन की बदौलत ही कीवी टीम 253 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-1 बराबरी करने में सफल रही।

गेंदबाजी

कैसी रही हेनरी की गेंदबाजी?

हेनरी ने 463 रन के लक्ष्य लेकर उतरी इंग्लैंड टीम को 137 रन के स्कोर पर हैरी ब्रूक (58) के रूप में चौथा झटका देते हुए पारी में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने जो रूट (77), जोर्डन कॉक्स (25), जोफ्रा आर्चर, मैथ्यू फिशर (0) और जोश टंग (0) को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने 18.1 ओवर में 6 मेडन के साथ महज 29 रन खर्च करते हुए ये सफलताएं अर्जित की।

कारनामा

हेनरी ने पहली पारी में भी चटकाए थे 5 विकेट

हेनरी ने इंग्लैंड की पहली पारी में भी 5 विकेट अपने नाम किए थे। यह उनका इंग्लैंड में पहला 5 विकेट हॉल था। उन्होंने 24 ओवर में 3 मेडन के साथ 80 रन देकर 5 विकेट झटके थे। उन्होंने रूट (46), ब्रूक (24), कॉक्स (27), आर्चर (8) और टंग (1) को अपना शिकार बनाया था। यह उनके टेस्ट करियर का 7वां 5 विकेट हॉल था। उनकी गेंदबाजी से कीवी टीम को पहली पारी में 100 रन की बढ़त मिली थी।

Advertisement

रिकॉर्ड

इंग्लैंड में टेस्ट की दोनों पारियों में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले कीवी गेंदबाज

हेनरी अब इंग्लैंड में टेस्ट की दोनों पारियों में 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले कीवी गेंदबाज हैं। इसी तरह उनके द्वारा चटकाए गए कुल 11 विकेट (पहली पारी में 5/80 और दूसरी पारी में 6/29) इंग्लैंड में किसी कीवी गेंदबाज द्वारा किया गया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। हेनरी 2005 एशेज सीरीज में शेन वॉर्न के बाद ओवल टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले पहले और 1994 में डेवोन मैल्कम के बाद ऐसा करने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं।

Advertisement

उपलब्धि

हेनरी ने पूरे किए 150 टेस्ट विकेट

इंग्लैंड की दूसरी पारी में अपना चौथा विकेट चटकाते ही हेनरी के टेस्ट करियर में 150 विकेट पूरे हो गए। उनके अब 35 टेस्ट की 69 पारियों में 26.05 की औसत और 3.11 की इकॉनमी से 152 विकेट हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 6 बार 4 विकेट और 8 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। यह उनका मैच में पहला 10 विकेट हॉल था। उनका पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 23 रन देकर 7 विकेट लेने का रहा है।

Advertisement