ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हुए ओटनील बार्टमैन, डुआन यानसेन को मिला मौका
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 24 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज खेलनी है। 3 मैचों की इस सीरीज से पहले प्रोटियाज टीम के लिए बुरी खबर है। दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन चोट के चलते वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड (CSA) ने उनकी जगह पर डुआन यानसेन को टीम में शामिल किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
चोटिल
हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे हैं बार्टमैन
CSA के बयान के मुताबिक, बार्टमैन को बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी है।
बार्टमैन नामीबिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की चल रही वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं थे।
वह पिछले साल नवंबर-दिसंबर में भारत के दौरे पर आखिरी बार किसी वनडे सीरीज में खेले थे।
अपने अब तक के वनडे करियर में इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 6 मैचों में 27.62 की औसत से 8 विकेट लिए हैं।
आंकड़े
अब तक 2 वनडे खेल चुके हैं डुआन यानसेन
26 साल के यानसेन अब तक दक्षिण अफ्रीका की ओर से 2 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 8.80 की औसत के साथ 5 विकेट लिए हैं।
अपने लिस्ट-A करियर में उन्होंने 37 मैच खेले हैं, जिसमें 27.02 की औसत के साथ 50 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 31 रन देते हुए 4 विकेट लेना रहा है।
बता दें कि वह मार्को यानसेन के भाई हैं।
टीम
वनडे सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीकी टीम
टीम की कमान तेम्बा बावुमा को सौंपी गई है। एडेन मार्करम केवल दूसरे और तीसरे वनडे में उपलब्ध रहेंगे। डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स की वापसी हुई है।
प्रिटोरियस सुब्रायन, रुबिन हरमन और डेवाल्ड ब्रेविस को मौका नहीं मिला है।
वनडे सीरीज के लिए टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, एडेन मार्करम, क्विंटन डिकॉक, टोनी डी जॉर्जी, डेविड मिलर, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, डुआन यानसेन, गेराल्ड कोएत्जी, ब्योर्न फोर्टुइन, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, कॉर्बिन बॉश, मार्को यानसन और केशव महाराज।
जानकारी
24 सितंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत 24 सितंबर को डरबन में होगी। उसके बाद शेष 2 मैच 27 (जोहान्सबर्ग) और 30 सितंबर (पोटचेफस्ट्रूम) को खेले जाएंगे। दिसंबर 2024 के बाद दक्षिण अफ्रीका की यह पहली घरेलू वनडे सीरीज होगी।