महिला टेस्ट: भारत के खिलाफ जीत के करीब पहुंची ऑस्ट्रेलिया, जानिए कैसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ जारी एकमात्र टेस्ट के दूसरे दिन जीत की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। भारत के पहली पारी के 198 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 323 रन बनाते हुए 125 रन की अहम बढ़त हासिल की। भारत ने दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक 105/6 का स्कोर बना लिया। उसे पारी हार टालने के लिए 20 रन की जरूरत है।
लेखा-जोखा
ऐसा रहा दूसरे दिन का खेल
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन एनाबेल सदरलैंड (129) के शतक और एलिस पेरी (76) के अर्धशतक की बदौलत 323 रन का बढ़ा स्कोर खड़ा किया। भारत के लिए सयाली सतघरे ने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किए। 125 रन से पिछड़ने के बाद भारत की दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी बेहद खराब रही और उसने 82 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए। दिन का खेल खत्म होने पर प्रतिका रावल (43) और स्नेह राणा (14) क्रीज पर जमी हुई थी।
शतक
सदरलैंड ने जड़ा चौथा टेस्ट शतक
ऑस्ट्रेलिया के लिए सदरलैंड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा और भारत के खिलाफ पहला ही शतक रहा, जिसे उन्होंने 133 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने पेरी (76) के साथ मिलकर 169 गेंदों में 128 रन की साझेदारी निभाई। उन्होंने पारी में 171 गेंदों का सामना किया और 17 चौकों की मदद से 129 रन बनाकर आउट हुईं। उनके अब 7 मैचों में 89.38 की औसत से 715 रन हो गए हैं।
अर्धशतक
पेरी जड़ा 5वां टेस्ट अर्धशतक
कंगारू टीम के लिए पेरी ने भी बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को संकट से बाहर निकालने का काम किया। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और भारत के खिलाफ दूसरा ही अर्धशतक रहा। उन्होंने अपनी पारी में 116 गेंदों का सामना किया और 10 चौके के साथ 1 छक्का जड़ते हुए 76 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटीं। पारी का 70वां रन बनाते ही उनके टेस्ट करियर में 1,000 रन भी पूरे हो गए।
उपलब्धि
पेरी तीनों प्रारूप में 1,000 रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज
टेस्ट में अपने 1,000 रन पूरे करने के साथ ही पेरी तीनों प्रारूप (टेस्ट, वनडे और टी-20) में 1,000 रन पूरे करने वाले केवल दूसरी महिला बल्लेबाज बनी हैं। उनके टेस्ट में 1,006, वनडे में 4,504 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,201 रन हो गए हैं। उनसे पहले केवल इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स ही यह कारनामा कर पाई हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 1,676, वनडे क्रिकेट में 5,992 और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,605 रन दर्ज हैं।
गेंदबाजी
भारत से सतघरे ने डेब्यू मैच में किया शानदार प्रदर्शन
पिंक बॉल टेस्ट में सतघारे का डेब्यू क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप के लिए एक आदर्श शुरुआत थी। उन्होंने मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने जॉर्जिया वोल (2), एलिसा हीली (13), एलन किंग (21) और लुसी हैमिल्टन (23) को अपना शिकार बनाते हुए पवेलियन लौटाया। उन्होंने पारी में कुल 18.4 ओवर गेंदबाजी की और 2 मेडन के साथ 50 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।