LOADING...
वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज
सचिन तेंदुलकर इस सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज

Jul 31, 2025
01:30 pm

क्या है खबर?

वनडे क्रिकेट में हमेशा खिलाड़ियों से तेजी और अच्छी फिटनेस की मांग होती है। हालांकि, कुछ अनुभवी भारतीय बल्लेबाजों ने उम्र को सिर्फ एक संख्या साबित किया है। उन्होंने न सिर्फ टीम को संभाला, बल्कि कई शतक लगाकर यह दिखा दिया कि अनुभव का कोई मुकाबला नहीं होता है। ऐसे कई मौके आए जब उम्रदराज बल्लेबाजों ने रिकॉर्ड तोड़ पारियां खेलीं। ऐसे में आइए वनडे क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं।

#1

सचिन तेंदुलकर (38 साल 327 दिन) 

इस सूची में पहले स्थान पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने साल 2012 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ 38 साल और 327 दिन की उम्र में शतकीय पारी खेली थी। उस मुकाबले में उन्होंने 147 गेंदों का सामना किया था और 114 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 77.55 की रही थी। हालांकि, भारतीय टीम वह मुकाबला 5 विकेट से हार गई थी।

#2

सुनील गावस्कर (38 साल 113 दिन) 

दूसरे स्थान पर पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं। उन्होंने साल 1987 में 38 साल और 113 दिन की उम्र में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 103* रन की पारी खेली थी। कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 221/9 का स्कोर बनाया था। गावस्कर ने 88 गेंदों का सामना किया था। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 117.04 की थी। मुकाबले में भारतीय टीम को 9 विकेट से जीत मिली थी।

#3

रोहित शर्मा (37 साल 285 दिन) 

वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 37 साल और 285 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ 119 रन की पारी खेली थी। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 304 रन बनाए थे। जवाब में रोहित ने 90 गेंदों में 12 चौके और 7 छक्के जड़ दिए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 132.22 की रही थी। भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया था।

#4

मोहिंदर अमरनाथ (37 साल 185 दिन) 

चौथे स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मोहिंदर अमरनाथ हैं। उन्होंने साल 1988 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 102* रन की पारी खेली थी। तब उनकी उम्र 37 साल और 185 दिन की थी। उन्होंने 139 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 73.38 की रही थी। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 267/6 का स्कोर बनाया था। उसने 73 रन से मुकाबला जीता था।