वनडे क्रिकेट में सबसे उम्रदराज कप्तान, इस खिलाड़ी ने 44 साल में की थी कप्तानी
क्या है खबर?
वनडे क्रिकेट में कप्तानी करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी जिम्मेदारी होती है। इस प्रारूप के इतिहास में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी टीमों का नेतृत्व किया है, लेकिन कुछ कप्तान अपने खास रिकॉर्ड की वजह से हमेशा याद किए जाते हैं। उम्र बढ़ने के बावजूद नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने वाले खिलाड़ियों की सूची काफी खास रही है। ऐसे में आइए इस प्रारूप में सबसे उम्रदराज कप्तानों पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
नॉर्मन गिफोर्ड (44 साल 361 दिन)
इस सूची में पहले स्थान पर इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी नॉर्मन गिफोर्ड हैं।
उन्होंने साल 1985 में पाकिस्तान के खिलाफ 44 साल और 361 दिन की उम्र में कप्तानी की थी।
ये वनडे क्रिकेट के इतिहास का 323वां मुकाबला था। मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175/7 का स्कोर बनाया था।
जवाब में इंग्लैंड सिर्फ 132 रन पर ऑलआउट हो गई थी। कप्तान गिफोर्ड ने 10 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे।
#2
राहुल शर्मा (43 साल और 308 दिन)
दूसरे स्थान पर हांगकांग के पूर्व कप्तान राहुल शर्मा हैं। उन्होंने जुलाई 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में खेले गए वनडे में 43 साल और 308 दिन की उम्र में कप्तानी की थी।
इस मैच में हांगकांग का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम को डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के तहत 173 रनों से हार मिली थी।
कप्तान राहुल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए थे। पाकिस्तान की ओर से शोएब मलिक ने शानदार 118 रनों की पारी खेली थी।
#3
खुर्रम खान (43 साल और 164 दिन)
UAE क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी खुर्रम खान तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने 43 साल और 164 दिन की उम्र में अफगानिस्तान के खिलाफ कप्तानी की थी। यह मैच 2 दिसंबर 2014 को खेला गया था।
पहले बल्लेबाजी करते हुए UAE ने 5 विकेट खोकर 273 रन बनाए थे। जवाब में अफगानिस्तान ने 49.4 ओवर में 8 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
खुर्रम खान ने 80 गेंदों में 85 रन बनाए थे, जिसमें 9 चौके शामिल थे।
#4
मोहम्मद तौकीर (43 साल 60 दिन)
चौथे स्थान पर UAE के पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद तौकीर हैं। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ 43 साल और 60 दिन की उम्र में कप्तानी की थी।
ये वनडे विश्व कप का 41वां मुकाबला था।
UAE पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन पर ऑलआउट हुई थी। जवाब में वेस्टइंडीज ने 30.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया था।
कप्तान तौकीर ने 3 ओवर में 22 रन खर्च किए थे। उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।