वनडे विश्व कप 2027: क्या रविंद्र जडेजा को नहीं मिलेगी भारतीय टीम में जगह?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को लेकर चौंकाने वाली खबर आई है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, वनडे विश्व कप 2027 के लिए भारतीय टीम में जडेजा की जगह अब पक्की नहीं मानी जा रही है। मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल भविष्य की टीम को ध्यान में रखते हुए युवाओं को तैयार करने की एक नई रणनीति पर काम कर रहे हैं, जिसके कारण जडेजा का पत्ता कट सकता है।
कारण
लगातार फिटनेस समस्याएं और युवाओं को मौका देने की योजना
भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की सबसे बड़ी चिंता जडेजा की लगातार सामने आ रही फिटनेस समस्याएं हैं।
2027 तक जडेजा की उम्र और उनके वर्कलोड को देखते हुए भारतीय टीम अभी से उनके विकल्प की तलाश में जुट गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर और गिल का मानना है कि वर्तमान में भारतीय वनडे टीम के पास मध्यक्रम और निचले मध्यक्रम के लिए कोई तैयार बैकअप ऑलराउंडर मौजूद नहीं है। ऐसे में उस पर काम जारी है।
परेशानी
हार्दिक और नितीश रेड्डी की चोटों ने बढ़ाई सिरदर्दी
भारतीय टीम प्रबंधन केवल एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रहना चाहता। टीम की गहराई बढ़ाने की योजना के पीछे 2 बड़े कारण भी हैं।
हार्दिक पांड्या भारत के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं, लेकिन उनका चोटों से पुराना नाता रहा है। उनकी अनिश्चितता के कारण टीम हमेशा दबाव में रहती है।
नितीश रेड्डी को पांड़या का विकल्प माना जा रहा है, लेकिन उनकी फिटनेस और चोट से जुड़ी चिंताओं ने टीम प्रबंधन को और विकल्प तलाशने पर मजबूर कर दिया है।
बहस
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
स्पोर्ट्सकीड़ा द्वारा एक्स पर साझा की गई इस रिपोर्ट के बाद क्रिकेट जगत और फैंस के बीच एक बड़ी बहस छिड़ गई है।
क्रिकेट विश्लेषकों का मानना है कि जडेजा भारत के लिए एक प्रामाणिक मैच-विजेता रहे हैं। उनका अनुभव, शानदार फील्डिंग और निचले क्रम में आकर तेजी से रन बनाने की क्षमता उन्हें आज भी एक अमूल्य धरोहर बनाती है।
उनको टीम से बाहर करना विश्व कप में भारत के लिए बड़ी चिंता का कारण बन सकता है।