विश्व कप 2027: कौन सी टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी और किन टीमों को बाहर होना पड़ेगा?
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) वनडे विश्व कप का 14वां संस्करण एक साल दूर है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाला विश्व कप 24 साल बाद अफ्रीकी धरती पर लौटेगा। इससे पहले 2003 में यहां विश्व कप आयोजित हुआ था। विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया में कुछ चौंकाने वाले बदलाव देखने को मिले हैं। 14 टीमों के टूर्नामेंट में केवल 10 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी। आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा 1 अक्टूबर को केपटाउन में होगी।
पक्का
10 टीमों को मिलेगा सीधे प्रवेश
दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने सह-मेजबान होने के कारण विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है।
वहीं, मेजबान होने के बावजूद नामीबिया को स्वतः क्वालीफिकेशन नहीं मिलेगा क्योंकि वह ICC की पूर्ण सदस्य टीम नहीं है।
इसके अलावा 8 टीमें 30 सितंबर 2026 की वनडे रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालीफाई करेंगी।
इस समय भारत वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर है। विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें से 10 को सीधे प्रवेश मिलेगा।
झटका
इन टीमों को लगा झटका
सबसे बड़ा झटका रैंकिंग में नीचे की टीमों को लगा है। 2 बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम सीधे विश्व कप में जगह नहीं बना पाएगी।
उसके साथ आयरलैंड क्रिकेट टीम भी सीधे क्वालीफाई करने से चूक गई है।
दोनों पूर्ण सदस्य टीमें अब 2027 की शुरुआत में होने वाले वनडे विश्व कप क्वालीफायर में 8 अन्य टीमों के साथ हिस्सा लेंगी।
इस क्वालीफायर से कुल 4 टीमें वनडे विश्व कप के लिए अपनी जगह पक्की करेंगी।
प्रारूप
ICC ने वनडे विश्व कप 2027 के प्रारूप में किया है बदलाव
वनडे विश्व कप 2027 के प्रारूप को लेकर ICC ने बड़ा बदलाव किया है। अब 14 टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी।
सबसे निचली रैंकिंग वाली 3 टीमें पहले 'सुपर सीरीज' खेलेगी।
इस चरण से एक टीम मुख्य ग्रुप में पहुंचेगी। 12 टीमों को 6-6 के 2 समूहों में बांटा जाएगा।
शीर्ष 3-3 टीमें और दोनों ग्रुप की चौथी सर्वश्रेष्ठ टीम 'सुपर 7' के लिए क्वालीफाई करेगी। 'सुपर 7' से शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल में जाएगी।
बदलाव
'सुपर-7' चरण भी खेला जाएगा
नए प्रारूप के तहत ग्रुप चरण के बाद पहली बार 'सुपर-7' चरण खेला जाएगा।
12 टीमों के बीच 30 ग्रुप मैच होंगे। वहीं, सुपर-7 में 21 मुकाबले खेले जाएंगे।
ICC ने प्रारूप में बदलाव का फैसला टूर्नामेंट की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के उद्देश्य से किया है।
दक्षिण अफ्रीका के 8 मैदानों में 2027 क्रिकेट विश्व कप के अधिकांश मुकाबले खेले जाने की संभावना है, जहां कम से कम 54 में से 41 मैच हो सकते हैं।
2023
इस प्रारूप में खेला गया था 2023 का विश्व कप
2023 के वनडे विश्व कप में 10 टीमों ने हिस्सा लिया था। सभी टीमों ने एक दूसरे के खिलाफ एक-एक मैच खेला था।
ये राउंड रॉबिन प्रारूप में खेला गया था। हर टीम ने कुल 9 मैच खेले थे।
अंक- तालिका में शीर्ष-4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंची थीं। पहला सेमीफाइनल पहली और चौथी टीम के बीच हुआ था।
वहीं, दूसरा सेमीफाइनल दूसरी और तीसरी टीम के बीच हुआ था। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय क्रिकेट टीम को हराया था।