वनडे विश्व कप 2027: क्वालिफायर टूर्नामेंट की सह-मेजबानी करेंगे दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने घोषणा की है कि वनडे विश्व कप 2027 के क्वालिफायर टूर्नामेंट की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया द्वारा की जाएगी। यह टूर्नामेंट 26 फरवरी से 21 मार्च, 2027 के बीच आयोजित होना तय हुआ है, जिसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। क्रिकइंफो के अनुसार, इस फैसले पर पिछले सप्ताह दुबई में हुई ICC की बैठकों के दौरान मुहर लगाई गई थी। आइए इससे जुड़े विवरण पर नजर डालते हैं।
विवरण
क्वालिफायर टूर्नामेंट का पूरा विवरण
इस 10 टीमों के टूर्नामेंट में 2 पूर्ण सदस्य देश वेस्टइंडीज और आयरलैंड शामिल होंगे।
ICC ने पहले संभावित भागीदार देशों को सूचित किया था कि टूर्नामेंट 22 फरवरी से 23 मार्च के बीच आयोजित किया जाएगा।
हालांकि, पिछले सप्ताह दुबई में हुई बैठकों में अंतिम तारीखों की पुष्टि की गई।
मैदानों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों ने संकेत दिया है कि दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया इस टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
प्रवेश
विश्व कप के लिए टीमों को कैसे मिला प्रवेश?
विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को सह मेजबान होने के नाते सीधा प्रवेश मिला है।
इसी तरह भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को उच्च रैंकिंग के कारण सीधे प्रवेश दिया गया है।
शेष 4 जगहों को 10 टीमों के क्वालिफायर टूर्नामेंट से भरा जाएगा।
इसमें जीतने वाली टीम सीधे ग्रुप चरण में जगह बनाएगी, जबकि 3 अन्य टीमें मुख्य ग्रुप में अपना स्थान सुरक्षित करने के लिए 3 मैचों की 'सुपर सीरीज' खेलेंगी।
प्लेऑफ
क्वालीफायर प्लेऑफ विवरण
क्वालीफायर में वर्ल्ड क्रिकेट लीग डिवीजन 2 (WCL 2) की शीर्ष 4 टीमें (स्कॉटलैंड, अमेरिका, नीदरलैंड और ओमान) भी शामिल होंगी।
4 अन्य टीमें 1 से 22 दिसंबर तक एक अज्ञात स्थान पर होने वाले विश्व कप क्वालीफायर प्लेऑफ के माध्यम से क्वालीफाई करेंगी।
इस प्लेऑफ में WCL 2 की सबसे नीचे की 4 टीमें (नामीबिया, कनाडा, नेपाल और UAE) और चैलेंज लीग की शीर्ष 4 टीमें (इटली, युगांडा, जर्सी और कुवैत) शामिल होंगी।