LOADING...
IPL 2026 में नहीं होगा उद्घाटन समारोह, जानिए BCCI ने क्यों किया ये फैसला
IPL 2026 में नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026 में नहीं होगा उद्घाटन समारोह, जानिए BCCI ने क्यों किया ये फैसला

Mar 26, 2026
12:27 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाले मैच से होनी है। इस बीच खबर है कि आगामी सीजन का उद्घाटन समारोह (ओपनिंग सेरेमनी) नहीं होगा। दरअसल, पिछले साल RCB की विक्ट्री परेड के बाद हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हुई थी। इन लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए BCCI ने फैसला किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट 

समापन समारोह का होगा भव्य आयोजन 

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, BCCI ने भगदड़ में मरे हुए लोगों की याद में उद्घाटन समारोह को सादा रखने का फैसला किया। हालांकि, टूर्नामेंट के आखिर में समापन समारोह (क्लोजिंग सेरेमनी) के भव्य होने की उम्मीद है। इसके लिए BCCI और IPL गवर्निंग काउंसिल योजना बना रहे हैं। बता दें कि IPL 2025 में भव्य उद्घाटन समारोह हुआ था, जिसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, करण औजला और दिशा पाटनी जैसी हस्तियों ने परफॉर्म किया था।

बयान 

देवजीत सैकिया ने दी जानकारी 

BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने इस बारे में जानकारी दी। इस बारे में उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा, "पिछले साल 4 जून को हुई दुखद घटना के कारण IPL 2026 के शुरू होने वाले दिन (बेंगलुरु में) कोई औपचारिक समारोह नहीं होगा। उन दिवंगत आत्माओं के सम्मान में BCCI आगामी सीजन की शुरुआत पर किसी भी प्रकार का सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं कर रहा है।"

Advertisement

RCB 

चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें रहेंगी खाली 

गत विजेता RCB के CEO राजेश मेनन ने घोषणा की कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान 11 सीटें हमेशा खाली रहेंगी। ऐसा उन लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए किया जाएगा, जिनकी पिछले सीजन में भगदड़ में जान चली गई थी। मेनन ने यह भी कहा कि खिलाड़ी पूरे सीजन के दौरान अभ्यास सत्रों में जर्सी नंबर 11 पहनेंगे, और इस संस्करण के सभी मैचों में काली पट्टी पहनेंगे।

Advertisement

स्टेडियम 

चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा फाइनल मैच 

RCB अपने 5 मैच बेंगलुरु में खेलने के अलावा 2 मैच रायपुर में भी खेलेगी। बता दें कि आगामी सीजन में रायपुर का शहीद वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय मैदान RCB का दूसरा घरेलू मैदान होगा। वहीं, चिन्नास्वामी स्टेडियम में लीग चरण के 5 मैचों के अलावा 2 प्लेऑफ मुकाबले भी खेले जाएंगे, जिसमें फाइनल भी शामिल है। ऐसे में यह बेंगलुरु में मौजूद क्रिकेट प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है।

Advertisement